जिला परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह शनिवार से शुरु किया गया। अभियान के प्रथम दिन जिले में कहीं भी कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं की गयी। परिवहन विभाग ने सिर्फ कागजी खानापूर्ति करते हुए बथनाहा थाना के सामने लगभग एक घंटा तक वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चार बाइक व एक पिकअप वैन से 34 हजार रुपए की जुर्माना के तौर पर वसूली की गयी। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यातायात का हाल खस्ता नजर आया। शहर के विभिन्न चौराहों पर तथा सड़कों पर वाहन जगह घेरे हुए खड़े थे तथा छोटे बड़े वाहन मनमर्जी दिशाओं से चल रहे थे। वाहन चालकों में व्यवस्था का भय लेश मात्र भी नजर नहीं आया।

एनएच 77 पर वाहन चालकों की मनमर्जी कायम रही। बिना हेलमेट पहने लोग आ जा रहे थे। शहर के मेहसौल चौक व कारगिल चौक को छोड़कर किसी भी अन्य जगह पर यातायात के नियमों का पालन करते ना तो पुलिस कर्मचारी नजर आए और नहीं वाहन चालक नियमों का पालन कर रहे थे। शहर के अन्य जगहों पर चारों दिशाओं से वाहन आ जा रहे थे।

विभिन्न जगहों पर सड़क के किनारे सब्जी वाले रोजमर्रा की तरह बैठे हुए थे। पुराना प्राइवेट बस स्टैंड भी पूरे दिन जाम का नजारा दिखा। कमोबेश पूरे शहर में यही हालात नजर आए। देखना है कि राज्य सरकार के आदेश के बाद भी जिला परिवहन कार्यालय कितना जिम्मेवार है।

सड़क सुरक्षा सप्ताह बैठक में उपस्थित पेट्रोल पंप कर्मी व वाहन एजेंसी मालिकों को दी जानकारी

थाना के सामने एक घंटे चेकिंग कर वाहन चालकों से वसूले 34 हजार रुपए

कार्यालय में बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारी व कर्मी।

करना था वाहन चेकिंग व लोगों को जागरूक

जिला परिवहन विभाग की ओर से 11 जनवरी से सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन करना था। कार्यक्रम का समापन 17 जनवरी को होना है। इसको लेकर दिवसवार कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित करने की घोषणा की गई थी। प्रथम दिन वाहन मालिक और चालकों को जागरूक करने एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाना था। लेकिन, परिवहन विभाग ने इस अभियान को थोड़ी देर वाहन चेकिंग चला कर खानापूर्ति कर लिया। मोटरयान निरीक्षक एसके मिश्रा ने बताया कि जिले में जिलाधिकारी की बैठक थी। जिस कारण व्यस्त हो जाने से वाहन चेकिंग विशेष तौर पर नहीं चलाया गया है। रविवार को विशेष तौर पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

जिले के प्रभार में रहने के कारण हो रही परेशानी

जिला परिवहन पदाधिकारी चितरंजन प्रसाद ने बताया कि मुझे सीतामढ़ी के अलावे शिवहर जिले का भी प्रभार दिया गया है। इस कारण मुझे दोनों जिलों में गतिविधियां कराना है। जिला परिवहन पदाधिकारी श्री प्रसाद ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत स्कूलों में प्रतियोगिता का आयोजन कराया जा रहा है। इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को विशेष तौर पर निर्देश दिया गया है। महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा संबंधित पेंटिंग व स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सारे कार्य दिवसवार होंगे। जिला परिवहन विभाग के मोटरयान निरीक्षक के नेतृत्व में बथनाहा थाना के सामने सुबह 9 बजे से 10 बजे तक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 20 गाड़ियों की जांच की गई। ओवरलोडिंग, फिटनेस व कागजात नहीं रहने के कारण चार बाइक से 11,500 रुपये एवं एक पिकअप वैन से 22,500 रुपये की जुर्माना की वसूली की गई।

जांच के लिए खड़े मोटरयान निरीक्षक व अन्य लोग।

बैठक में उपस्थित पेट्रोल पंप कर्मी व वाहन एजेंसी मालिकों को सड़क सुरक्षा सप्ताह के बारे में दी जानकारी | सड़क सुरक्षा सप्ताह को लेकर जिला परिवहन कार्यालय में शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे पदाधिकारी चितरंजन प्रसाद की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में कार्यालय के कर्मी के अलावे करीब 22 पेट्रोल कर्मी व वाहन एजेंसी मालिक शामिल हुए। बैठक में परिवहन पदाधिकारी श्री प्रसाद ने उपस्थित पेट्रोल पंप कर्मी व वाहन एजेंसी मालिकों को सड़क सुरक्षा सप्ताह के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें कई जिम्मेदारी दी। उन्होंने पेट्रोल पंप पर बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने वाहन मालिक एजेंसी को गाड़ी के साथ हेलमेट देने का भी आग्रह किया। वहीं वाहन चालकों के हेलमेट और सीट बेल्ट की जांच भी की जायेगी। विलंब से बैठक होने के कारण आधे घंटे में ही बैठक समाप्त हो गई। मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी चितरंजन प्रसाद के अलावे मोटरयान निरीक्षक एसके मिश्रा, कर्मी विकास चंद्रा उर्फ विवेक कुमार, सुजय कुमार साह, अमित कुमार सत्यम व वाहन एजेंसी मालिक मनोज कुमार, रामा शंकर कुमार, फिरोज खान, धर्मेंद्र सिंह, नवीन कुमार, अजय कुमार समेत लोग उपस्थित थे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Bathanaha News - on the first day the checking was not done in the name of security campaign on the road
Bathanaha News - on the first day the checking was not done in the name of security campaign on the road

Post a Comment