पिपरासी प्रखंड के कतकी प्राथमिक विद्यालय में संचालित क्वारेंटाइन सेंटर पर रविवार को प्रवासियों की पिटाई के मामले में प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ अबतक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। सिर्फ सेंटर संचालक को हटाने के अलावा प्रशासन ने अबतक कुछ नहीं किया है। पीड़ित प्रवासियों के परिजनों का आरोप है कि उनकी पिटाई करने वाले सेंटर संचालक के परिजन समेत पुलिस कांस्टेबल को बचाने की कोशिश में प्रशासन जुटा है। पीड़ित प्रवासियों के परिजनों ने इस मामले में वरीय अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग की है। बताते चलें कि इस क्वारेंटाइन सेंटर पर आवासित प्रवासियों ने रविवार को भोजन खराब मिलने की शिकायत की थी, जिससे नाराज होकर सेंटर संचालक के परिजनों व यहां प्रतिनियुक्त एक पुलिस कांस्टेबल ने प्रवासियों की लाठी - डंडे से पिटाई कर दी थी। एक प्रवासी को गंभीर रूप से चोट आई। कई आंशिक रूप से घायल हुए। इससे नाराज प्रवासियों ने सेंटर पर ही भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। स्थानीय थानाध्यक्ष के काफी समझाने-बुझाने पर मामला शांत हुआ।
आमने-सामने आ सकते हैं प्रवासियों के परिजन व आरोपी : हालांकि इस मामले में सेंटर संचालक को दायित्व से मुक्त कर दिया गया है, लेकिन उनके आरोपी परिजन व पुलिस कांस्टेबल के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने से पीड़ितों के परिजनों में खासी नाराजगी है। इस सेंटर पर फिलहाल 48 प्रवासी क्वारेंटाइन हैं। ये सभी अगल बगल के इलाकों के ही रहने वाले हैं। जानकारों की मानें तो इस मामले में शिथिलता बरतना प्रशासन को महंगा पड़ सकता है। प्रवासियों के परिजनों व आरोपियों के बीच भिड़ंत की नौबत भी आ सकती है। थानाध्यक्ष संजय कुमार यादव ने बताया कि वरीय अधिकारियों को वस्तुस्थिति की जानकारी दे दी गई है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
25 मई को प्रकाशित खबर

Post a Comment