फुलवारीशरीफ .मेडिकल-इंजीनियरिंग और प्रोफेशनल कोर्सेज में एडमिशन कराने के नाम पर बिहार-दिल्ली समेत कई राज्याें में सैकड़ाें छात्राें से 300 कराेड़ की ठगी की गई है। गिराेह का सरगना पटना के फुलवारीशरीफ का रहने वाला है। इस गिरोह के खिलाफ नोएडा सहित विभिन्न शहरों में 50 से अधिक मामले दर्ज हैं।
सोमवार को नोएडा क्राइम ब्रांच की टीम ने फुलवारीशरीफ के मिलकियाना के रहने वाले रूच. इसरारूल हक उर्फ लल्लू मियां के छोटे बेटे मशरूल हक उर्फ आबसार कादरी उर्फ अफसर की तलाश में उसके आवास पर छापेमारी की। क्राइम ब्रांच की टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर गुरदेव सिंह ने बताया कि गिरोह ने कई शहरों के छात्रों और उनके अभिभावकों से 300 कराेड़ से अधिक की ठगी की है। टीम ने शातिर के भाई और अन्य परिजनों से पूछताछ की। हालांकि परिजनाें ने उसके बारे में काेई जानकारी नहीं दी। कहा कि वह लंबे समय से यहां नहीं आया है।
गिरोह में 15 सदस्य, आधे से अधिक बिहार के, सभी काफी पढ़े-लिखे :क्राइम ब्रांच की टीम अफसर को गिरोह का सरगना मान रही है। इसके साथ कई और लड़के हैं जो प्रोफेशनल हैं और पढ़े लिखे हैं। जांच टीम ने गिरोह के 15 से अधिक शातिरों की पहचान कर ली है। जिनकी पहचान हुई है उनमें से आधे से अधिक शातिर बिहार के ही अलग-अलग शहरों के रहने वाले हैं। जांच के लिए आए एक अधिकारी ने कहा कि इस गिरोह ने दिल्ली, मुंबई, बैंगलुरू, नोएडा सहित कई बड़े शहरों के छात्रों और उनके अभिभावकों से ठगी किया है।
शातिर के घरवालों और पड़ोसियों से पूछताछ :पुलिस ने आसपास के लोगों से भी उसके बारे पूछताछ की। लोगों ने बताया कि कुछ महीने पहले उसके घर में शादी थी लेकिन जानकारी होने के बाद भी वह नहीं आया था। फुलवारी थानेदार रफीकुर रहमान ने बताया कि नोएडा पुलिस की टीम आई थी। ठगी के एक मामले में फरार आरोपी की तलाश में उसके घर गई थी।
3 माह में बदल देते हैं मोबाइल नंबर व पता :गिरोह के शातिरों की तलाश नोएडा के अलावा कई शहरों में पुलिस कर रही है। ये लोग हर तीन महीने पर अपना मोबाइल नंबर, नाम और पता बदल लेते हैं। जब ये नए ठिकाने पर पहुंचते हैं तो वहां फिर से यह धंधा शुरू कर देते हैं। पुलिस को सूचना मिली है कि ये कई शहरों में अपना ऑफिस खोल लेते हैं। वहां काउंसलिंग के नाम पर छात्रों को ठगते है।
एडमिशन धांधली में पहले भी पटना से पकड़े गए हैं शातिर :मेडिकल और इंजीनियरिंग कालेजों में दाखिला दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का नेटवर्क पटना से जुड़ता रहा है। पिछले साल दिल्ली पुलिस ने एसके पुरी थाना इलाके से शातिर प्रेम प्रकाश विद्यार्थी को गिरफ्तार की थी। प्रेम पर दिल्ली की एक छात्रा से मेडिकल में एडमिशन दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपए ठग लेने का आरोप था। 2018 के दिसंबर में तीन शातिरों को गिरफ्तार किया गया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق