पटना .बिहार ने केंद्र के सामने फरक्का बराज के कारण गंगा के पानी के डिस्चार्ज में हो रही परेशानी पर कड़ी नाराजगी प्रकट की। इसके बाद सोमवार देर रात को फरक्क के 8 और गेट खोल दिए गए। इस तरह बराज के 109 गेट में 63 गेट खोले जा चुके हैं। इसका परिणाम यह है कि फरक्का में गंगा के पानी का डिस्चार्ज अब 14.5 लाख से बढ़कर 19 लाख क्यूसेक हो गया है। इस बीच पटना के डीएम कुमार रवि ने बताया कि ज्यादा गेट खोले जाने से मंगलवार सुबह से गंगा का पानी घटने लगेगा।
इससे पहले बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने सोमवार को केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से बात कर और तत्काल गंगा के पानी को फरक्का बराज होकर रास्ता देने का अनुरोध किया। बिहार के आग्रह के बाद केंद्र ने शाम से 14 की जगह 16 लाख क्यूसेक और पानी छोड़ने का आदेश दिया। केंद्रीय मंत्री से बातचीत में संजय झा ने कहा कि गंगा में 17-18 लाख क्यूसेक पानी पहुंच चुका है जबकि फरक्का में 14 लाख क्यूसेक पानी के बहाव का ही रास्ता दिया गया है।
केंद्र ने बिहार को दिया भरोसा- जरूरत पड़ी तो फरक्का के और गेट खोलेंगे
राज्य सरकार ने कहा-गंगा के पानी के बहाव का गलत आंकड़ा पेश कर रहा केंद्रीय जल आयोग :बिहार के मंत्री ने केंद्रीय जल आयोग के इस दावे पर भी कड़ी नाराजगी दिखाई जिसमें कहा गया कि फरक्का बराज पर चौदह-साढ़े चौदह लाख क्यूसेक पानी है। मंत्री ने कहा कि बक्सर में साढ़े 11 लाख क्यूसेक पानी आ रहा है, पटना में यह साढ़े 14 लाख हो रहा है और इसके बाद कई और नदियों का पानी बिहार में ही मिलता है। ऐसे में बिना ज्यादा गेट खोले राहत कैसे मिलेगी। संजय झा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद हवाई सर्वे के दौरान गंगा की गंभीर स्थिति को देख पीएमओ में फोन किया।
सीएम ने पीएमओ से की थी बात- इसके बाद हरकत में आया केंद्र, फरक्का से डिस्चार्ज बढ़ाने का दिया आदेश :बिहार सरकार की पहल के बाद फरक्का बराज से 16 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जाना शुरू हो गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह जानकारी संवाददाताओं को दी। पुनाईचक पार्क में भामाशाह की आदमकद प्रतिमा के अनावरण के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि अब ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। हमारी केंद्र सरकार से बात हो गई है। फरक्का बराज से 16 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज कराया जाना शुरू हो गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment