मगध विश्वविद्यालय से अंगीभूत जिले के सभी कॉलेजों में सोमवार को स्नातक पार्ट थ्री की परीक्षा पहले दिन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। परीक्षा को लेकर सभी कॉलेजों के द्वारा सारी तैयारियां कर ली गई थी और कदाचार पर पूरी तरह से रोक लगी रही। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। 23 सितंबर से शुरु हुई परीक्षा आगामी चार अक्टूबर तक चलेगी जिसमें कला, विज्ञान व वाणिज्य संकाय के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। जिला मुख्यालय में सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, रामलखन सिंह यादव कॉलेज व किशोरी सिन्हा महिला काॅलेज को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। वहीं दाउदनगर में महिला कॉलेज व दाउदनगर कॉलेज को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। इन सभी परीक्षा केन्द्रों को सभी परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। सभी केन्द्रों पर कॉलेज प्रशासन के अलावा बिहाल पुलिस के जवान भी मौजूद थे।
रामलखन सिंह यादव कॉलेज में 14 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
शहर के रामलखन सिंह यादव कॉलेज में पहले दिन दोनों पालियों को मिलाकर कुल 14 परीक्षार्थी स्नातक पार्ट थ्री के परीक्षा से अनुपस्थित रहे। कॉलेज के असिस्टेंट सीएस डॉ युगेश्वर यादव ने बताया कि स्नातक पार्ट थ्री परीक्षा के पहली पाली में 935 परीक्षार्थियों में से 923 उपस्थित हुए। जबकि दूसरी पाली में 631 परीक्षार्थियों में से 629 उपस्थित हुए। इस तरह पहली पाली में 12 व दूसरी पाली में दो परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान मजिस्ट्रेट के द्वारा सभी परीक्षार्थियों की पहले जांच की गई। उसके बाद सभी को परीक्षा हॉल में जाने दिया गया। कहा कि परीक्षार्थियों को अपना सीट खोजने में परेशानी नहीं हो, इसके लिए कॉलेज के मुख्य द्वार व परीक्षा हॉल के बाहर भी नोटिस चिपकाया गया था। इधर कॉलेज में एमबीए व एमसीए की परीक्षा भी संचालित हो रही है। 13 सितंबर से शुरु हुई यह परीक्षा 28 सितंबर को समाप्त हाेगी।
23 सितंबर से शुरू हुई परीक्षा आगामी चार अक्टूबर तक चलेगी
यादव कॉलेज में एडमिट कार्ड लेकर परीक्षा देने जाते छात्र।
दाउदनगर में 21 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
दाउदनगर अनुमंडल के दोनों कॉलेजों में कुल 21 परीक्षार्थी स्नातक पार्ट थ्री परीक्षा के पहले दिन अनुपस्थित रहे। जानकारी के अनुसार महिला कॉलेज परीक्षा केन्द्र में प्रथम पाली में 550 परीक्षार्थी की जगह 546 उपस्थित हुए। जबकि दूसरी पाली में 319 परीक्षार्थी की जगह 316 ही उपस्थित हो सकें। यानी उक्त कॉलेज में कुल सात परीक्षार्थी पहले दिन अनुपस्थित रहे। वहीं दाउदनगर कॉलेज परीक्षा केन्द्र में फर्स्ट सिटिंग में 383 परीक्षार्थी की जगह 373 व सेकंड सिटिंग में 123 परीक्षार्थी की जगह 119 ही उपस्थित हो सके। यानी इस कॉलेज में कुल 14 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दाउदनगर कॉलेज के उप प्राचार्य प्रो सत्येन्द्र प्रसाद ने बताया कि जांच-पड़ताल के बाद शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा ली जा रही है। किसी तरह की कोई परेशानी छात्र-छात्राओं को न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
कॉलेज गेट पर लगे नोटिस में अपना सीट देखते छात्र।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق