रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने मिनी हाइवा चालक को देर रात गोली मार दी। जख्मी चालक भागवत मंडल का इलाज पटना में चल रहा है। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मिनी हाइवा चालक खलासी कंसू कुमार के साथ भागलपुर से गाडी ठीक कराकर घर लौट रहे थे। करीब बारह बजे रात में जब वे गाड़ी लेकर रायपोखर के समीप पहुंचे तो पूर्व से घात लगाए एक दर्जन अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखाकर हाईवा को रोका और चालक से रंगदारी मांगने लगा। विरोध करने पर एक अपराधी ने चालक के गर्दन पर गोली चला दी। जिसके बाद काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी अपराधी भाग गए थे। जख्मी चालक को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि भागलपुर में भी जख्मी चालक की स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष कुमार सन्नी ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना चौकीदार से मिली है। घटना को लेकर थाना में लिखित शिकायत अबतक नहीं की गई है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

Post a Comment