कल्याणपुर-केसरिया पथ पर ट्रैक्टर की ठोकर से युवक की मौत के बाद नाराज लोगों ने थाना परिसर में शव रख कर हंगामा किया। नाराज परिजन दोषियों पर त्वरित कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। हालांकि, थानाध्यक्ष रवि रंजन कुमार ने परिजनों को समझा कर थोड़ी देर में मामला शांत करा लिया। समाचार लिखे जाने तक मामले प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के मनोहरा गांव निवासी ललन राय अपने चचेरा भाई जियालाल राय के साथ बाइक से कही जा रहा था। रास्ते में खोखरा चौक के समीप ललन राय पेशाब करने के लिए रूका। वह सड़क किनारे खड़ा होकर पेशाब करने लगा। तभी ईट लदे ट्रैक्टर ने उसे ठोकर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उसका भाई ग्रामीणों के सहयोग से उसे इलाज के लिए मोतिहारी ले जा रहा था। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिससे नाराज परिजन शव को लेकर थाना पहुंच गए। घटना से नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ही एक चिमनी मालिक का ट्रैक्टर ईट लेकर कल्याणपुर की ओर जा रहा था। रास्ते में उसने ललन राय को ठोकर मारा। जिससे उसकी मौत हो गई। परिजन चिमनी संचालक व चालक पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर पूर्व जिला पार्षद राजेंद्र राय, जदयू नेता वीरेंद्र पटेल, पैक्स अध्यक्ष चनई यादव आदि ने पुलिस के सहयोग से हंगामा कर रहे लोगों को समझा कर शांत कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

Post a Comment