![](https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/06/21/app05063420062020052831_1592698332.jpg)
![](https://i9.dainikbhaskar.com/thumbnails/680x588/web2images/www.bhaskar.com/2020/06/21/app05063420062020052831_1592698332.jpg)
प्रतापगंज थाना क्षेत्र की परमानंदपुर पंचायत के अड़राहा वार्ड 12 निवासी उपमुखिया रीना देवी के पति शंकर सिंह की अपराधियों ने शुक्रवार देर रात सिर काटकर हत्या कर दी। अपराधियों ने घटना के बाद मृतक के सिर काे गायब कर दिया। शनिवार सुबह लगभग 10 बजे करजाईन थाना क्षेत्र के बायसी वार्ड-14 स्थित पलार से ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सिरकटी लाश बरामद की। मृतक के शरीर पर जगह-जगह चाकू के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव काे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस विभिन्न बिंदुओं की जांच में जुटी है। कारोबारी लेन-देन में हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार की रात उसने व्यापारियों के साथ काराेबार काे लेकर हिसाब भी किया था। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह खेत में काम करने पहुंचे लाेगाें की नजर सिरकटी लाश पर पड़ी। इसके बाद लाेगाें ने शोर मचाया। पुलिस काे सूचना दी गई। मृतक की पहचान शंकर सिंह के रूप में की गई। पुलिस सिर की तलाश में जुटी है।
क्रिमिनल हिस्ट्री, 10 साल पहले जेल से छूटा था
बताया जा रहा है कि मृतक शंकर सिंह का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ प्रतापगंज थाना में लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट सहित अन्य कांड दर्ज थे। लिहाजा जेल से सजा काटने के बाद वह लगभग 10 साल से हार्डवेयर का व्यवसाय कर रहा था। मृतक की मां लीला देवी ने बताया कि शुक्रवार की रात शंकर ने रखे रुपए लाकर देने काे कहा। इसके बाद प्लास्टिक के बोरा में रखे नोट को लाकर दे दिया। उसके बाद शंकर खाना खाकर सो गया। सुबह होने पर बेटे के लिए नाश्ता बनाया अाैर उसकी खोजबीन करने लगी। सुबह 9 बजे लोगाें से जानकारी मिली कि बायसी पलार पर एक व्यक्ति का सिरकटा शव पड़ा है जो शंकर का लगता है।
भवन निर्माण सामग्री का करता था कारोबार
जानकारी के अनुसार शंकर घर पर ही शंकर ट्रेडर्स नाम से डिपो चलाता था। छड़, सीमेंट, गिट्टी, बालू तथा पेवर ईंट की सप्लाई करता था। इसके अलावा मकई की भी खरीद-बिक्री करता था। घटना के समय भी उसके पास अच्छी खासी रकम थी। मृतक की दो पत्नियां थीं। पहली पत्नी उपमुखिया तीन माह पहले मायके नेपाल गई थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment