नेपाल में गुरुवार से तेज बारिश की संभावना के बाद जल संसाधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग ने सभी संबंधित इंजीनियरों को सतर्क रहने को कहा है। नदियों के जलस्तर के साथ- साथ तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गई है। नेपाल के गंडक, कोसी, महानंदा, बूढ़ी गंडक, बागमती-अधवारा और कमला नदियों के जलग्रहण क्षेत्र में तेज बारिश की संभावना है। इसके अलावा बिहार के बड़े हिस्से में भी तेज बारिश का अलर्ट है।
उधर, सूबे की तीन प्रमुख नदियां अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। कोसी नेपाल के वीरपुर, सहरसा, खगड़िया, भागलपुर में जबकि बागमती सीतामढ़ी के ढेंग, रुन्नीसैदपुर व कटौंझा में और कमला मधुबनी के झंझारपुर में लाल निशान से ऊपर है। 24 घंटे पहले तक महानंदा पूर्णिया में भी लाल निशान के ऊपर थी। नेपाल में बारिश के बाद कई और नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका है। इससे तटबंधों पर दबाव उत्पन्न हो सकता है। जल संसाधन विभाग ने इंजीनियरों को विशेष रुप से सतर्क रहने को कहा है।
कोसी के धनकुट्टा, धरान, ओखलडुंगा, तापेलगंज जबकि गंडक के पोखरा, अरुघाट और भरतपुर में मंगलवार देर रात तेज बारिश शुरु हो गयी थी। इसी तरह बूढ़ी गंडक के सिपरा में जबकि बागमती-अधवारा के काठमांडू, गुरुडा, करमैया, नगरकोट व जनकपुर में, महानंदा के विराटनगर में और कमला के सिराहा, सिंधुली, गरधी में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। कोसी, बीरपुर बराज पर जबकि गंडक वाल्मीकिनगर में ऊपर बह रही थी। इसके जलस्तर में और वृद्धि की संभावना है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق