बाढ़ के शहरी स्थित पावरग्रिड में परिचर पद पर तैनात एक कर्मी की गोली मार कर हत्या कर दी गई। बदमाश घटना को अंजाम देकर बाइक से शहरी की तरफ भाग निकले। मृतक अगवानपुर निवासी 45 वर्षीय पंकज साव है। घटना से नाराज ग्रामीण शव को गुलाबबाग चौक के पास सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे, जिससे करीब दो घंटे तक एनएच-31 जाम रहा।
बीडीओ अमरेंद्र कुमार सिन्हा, सीओ शिवाजी सिंह और थानाध्यक्ष संजीत कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया। इसके बाद शव काे अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बाद में एसएसपी उपेंद्र शर्मा और ग्रामीण एसपी कांतेश मिश्रा बाढ़ पहुंचे। दोनों ने घटनास्थल पर जाकर जांच की। वहीं स्थानीय लोगों से पूछताछ की। एसएसपी ने बताया पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है। भाई के बयान पर अज्ञात पर केस दर्ज कराया गया है।
लाने जा रहा था दूध
थानाध्यक्ष ने बताया कि विद्युतकर्मी पत्नी और दो बच्चों के साथ शहरी स्थित पावरग्रिड के क्वार्टर में रहता था। बुधवार की सुबह करीब पांच बजे वह दूध लाने जा रहा था। बाजार समिति गेट से सटे पावरग्रिड के पास बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गोली सिर में लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पावरग्रिड में कार्यरत एईई ने बताया कि मृतक को अनुकंपा पर नौकरी हुई थी। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि वह काफी शांत स्वभाव का था। किसी से उसकी कोई दुश्मनी नहीं थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق