भीखनपुर बढ़ई टोला वार्ड-34 में बुधवार की शाम मारवाड़ी कॉलेज के बीकॉम पार्ट-वन के छात्र किशन कुमार (20 वर्ष) ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किशन के पिता व अन्य परिजनों ने पुलिस से घटना को छिपा लिया और मायागंज अस्पताल से लाश लेकर भाग गए। वह सभी दाह-संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच इशाकचक थानेदार संजय कुमार सुधांशु को घटना की जानकारी मिल गई। वह रात 9 बजे मौके पर पहुंचे और लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के पिता पवन कुमार शर्मा बढ़ई हैं। परिजन किशन की आत्महत्या का कारण नहीं बता पा रहे हैं। लेकिन पुलिस को प्रेम-प्रसंग का शक है। आत्महत्या से पहले किशन ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट के सारे पोस्ट और पर्सनल फोटो को डिलीट कर दिया था। हालांकि परिजनों ने प्रेम-प्रसंग से इनकार किया है। दो भाई और दो बहनों में किशन सबसे छोटा था।

खुदकुशी करने से पहले बहन संग किया था नाश्ता

किशन की मंझली बहन रंजू ने बताया कि बुधवार शाम को नीचे के कमरे में बैठ कर उसने किशन के साथ नाश्ता किया और दोनों टीवी देखने लगे। कुछ देर के लिए वह वहां से चली गई। 15 मिनट बाद वापस आई ताे देखा कि किशन ने कमरे में पंखे के सहारे फांसी लगा ली थी। मां और बड़ी बहन ने मिलकर कमरे का दरवाजा तोड़ा और फंदा काट कर किशन को नीचे उतारा। फिर पिता और भाई उसे मायागंज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Student hanged after deleting all photos and posts from social media account

Post a Comment