पर्यावरण संरक्षण के मोर्चे पर बिहार के खाते में वैश्विक सरोकार आया है। संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएनओ) ने बिहार में पर्यावरण संरक्षण के लिए हो रहे काम की नोटिस ली है। उसने 24 सितंबर को इस मसले पर राउंड टेबुल कांफ्रेंस से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी जोड़ा है। नीतीश, देश के ऐसे इकलौते सीएम हैं। यह कांफ्रेंस वर्चुअल मोड (वीडियो कांफ्रेंसिंग) में होगा।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को एक आयोजन में खुद यह बात कही। बोले-’यूएनओ की तरफ से खबर आई है। वे लोग हमसे पर्यावरण संरक्षण के लिए किए काम के बारे में जानना चाहते हैं। चर्चा करना चाहते हैं। हमलोग पर्यावरण को लेकर अलर्ट हैं। सभी लोग सजग रहें। हर स्तर पर इसका पूरा ख्याल रखा जाए। निर्माण कार्य में पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रहे। बिल्डिंग ऐसी बने, जिससे पर्यावरण को नुकसान नहीं हो।’
24 के कांफ्रेंस को लेकर यूएनओ की तरफ से सरकार के पास चिट्ठी आई है। जो तैयारी है, उसके अनुसार बिहार की तरफ से विस्तार से सबकुछ बताया जाएगा। सीएम की पहल पर प्रदेश में जल-जीवन-हरियाली अभियान जारी है। 24 हजार करोड़ की इस बहुद्देशीय व दीर्घकालिक योजना से दुनिया को अवगत कराया जाएगा।
कुछ दिन पहले ही 8 जिलों में मौसम आधारित खेती शुरू की गई। अब पूरे प्रदेश में लागू करने की तैयारी है। रिकॉर्ड पौधरोपण से लेकर खेतों में पुआल जलाने पर पाबंदी तक की बातों को बताया जाना है। प्रदेश में पुआल को लेकर दोहरी व्यवस्था है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment