हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा की रविवार को हुई संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद प्रत्याशियों के नाम की घोषणा के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को अधिकृत किया गया है। संभव है कि सोमवार को आधिकारिक तौर पर जीतन राम मांझी सीटों और प्रत्याशियों के नाम का ऐलान करेंगे। हालांकि राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान के आवास पर हुई बैठक में सीटों और प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा हुई।
सूत्रोें के अनुसार सात सीटों झमामगंज, कुटुंबा, कसबा, बाराचट्टी, मखदुमपुर, सिकंदरा और टिकारी पर चर्चा हुई। अब तक की रणनीति के अनुसार इमामगंज और सिकंदरा दोनों ही सीटों से जीतन राम मांझी खुद चुनाव लड़ सकते हैं। मांझी इमामगंज के सीटिंग कैंडिडेट भी हैं। खासबात यह कि इन सात सीटों में चार पर मांझी और उनके दामाद व समधन के चुनाव लड़ने की बात कही जा रही है।
मखदुमपुर से मांझी के दामाद देवेन्द्र मांझी और बाराचट्टी से मांझी की समधन व पूर्व विधायक ज्योति देवी के चुनाव लड़ने की चर्चा है। वहीं कुटुंबा से अजय भूइयां, कसबा से राजेन्द्र यादव और टिकारी से पूर्व मंत्री अनिल कुमार के चुनाव लड़ने की संभावना है। सूत्रों की मानें तो पार्टी को दो अन्य सीटें मिल सकती हैं जिनपर जदयू प्रत्याशी देगा। वहीं हम को विधान परिषद की एक सीट देने का आश्वासन मिला है। हालांकि इस फार्मूले पर मुहर आधिकारिक घोषणा के बाद लगेगी।
घोषणा के लिए मांझी अधिकृत
सूत्रों के अनुसार संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद मांझी और संभावित प्रत्याशी गया चले गए। बताया जा रहा है कि मांझी गया से ही सीटों और प्रत्याशियों का ऐलान कर सकते हैं। दूसरी ओर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान ने कहा कि संसदीय बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से जीतन राम मांझी को सीटों और प्रत्याशियों के नाम की घोषणा के लिए अधिकृत किया गया है। सोमवार को इसके ऐलान की संभावना है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق