तीसरे चरण में मुजफ्फरपुर जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले चुनाव के लिए मैदान में अब 118 प्रत्याशी रह गए हैं। शुक्रवार को सकरा विस क्षेत्र से एकमात्र प्रत्याशी अनीता देवी ने अपना नामांकन पर्चा वापस लिया। अब सकरा, बोचहां व औराई विस में एक-एक ईवीएम से मतदान होगा। जबकि, गायघाट, मुजफ्फरपुर और कुढ़नी विस में मतदान के लिए दो-दो ईवीएम इस्तेमाल होगा।
तीसरे चरण के चुनाव के लिए नामांकन पत्र वापस लेने का शुक्रवार को अंतिम दिन था। जिला निर्वाचन अधिकारी सह डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि तीसरे चरण के छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 133 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। इसमें स्क्रूटनी में 14 नामांकन पत्र रद्द हो गए थे। बाकी बचे प्रत्याशियों में से सकरा की एक प्रत्याशी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।
जिसके बाद 118 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं। गायघाट विस क्षेत्र से सर्वाधिक 31, मुजफ्फरपुर से 28, कुढ़नी से 19, औराई से 15, बोचहां से 14 तथा सकरा विस से 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। इन छह विस क्षेत्रों में 2564 मतदान केंद्रों पर कुल 17.95 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
सभी मतदान केंद्रों पर सशस्त्र पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। एसएसपी जयंतकांत ने बताया कि सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में 156 मतदान केंद्र उग्रवाद प्रभावित हैं। सभी छह सीटों पर 7 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق