जिला उत्पाद विभाग के ड्राइवर को शराब तस्करी के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। उत्तरी मंदिरी के रहने वाले शंकर यादव को बुद्धा काॅलोनी थाना पुलिस ने 30 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार किया। वह उत्पाद विभाग की जीप में शराब लादकर मंदिरी पहुंचा था। पुलिस शंकर से पूछताछ कर रही है। छानबीन में पता चला है कि उत्पाद विभाग में कार्यरत होने का फायदा उठाकर शंकर कई महीनों से शराब का कारोबार कर रहा था। बुद्ध काॅलोनी थानेदार रवि शंकर सिंह ने कहा कि गिरफ्त में आया तस्कर उत्पाद विभाग का निजी चालक है।
पुलिस को देख फोड़ दीं शराब की 18 बोतलें: शंकर लेकर उत्पाद विभाग की जीप से घर पहुंचा था। वहां वह जीप से शराब उतार कर घर में रखने जा रहा था। अभी एक बोरे में भरी शराब की बोतलें उठाई ही थी कि पुलिस की गश्ती गाड़ी वहां पहुंच गई। पुलिस को देखते ही वह घबरा गया। बोरा सड़क पर पटक कर भागने लगा। पुलिस ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। सड़क पर बोरा पटकने से शराब की 18 बोतलें फूट गईं।
दोषी पाया गया तो होगी सख्त कार्रवाई
हमें मामले की कोई जानकारी नहीं है। कौन ड्राइवर है, कब से है, नहीं जानता हूं। किसी ड्राइवर ने ऐसा किया है तो उसके ऊपर सख्त कार्रवाई होगी। -प्रह्लाद भूषण प्रसाद, सहायक आयुक्त, उत्पाद विभाग
शक के घेरे में कुछ और कर्मचारी
उत्पाद विभाग का शराब विनष्टीकरण का कार्यक्रम कुम्हरार में मंगलवार को चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि शंकर वहीं से शराब चुराकर लाया होगा। शंकर ने पूछताछ में बताया कि वह उत्पाद के मालखाने से शराब चुराकर बेचता भी था और पीता भी था।
छापेमारी में बरामद शराब में से कुछ बोतलें चुरा लेता थे और फिर उसे बेचता था। शंकर ने उत्पाद के कुछ और कर्मचारियों का नाम बताया है, जो उसके साथ शराब तस्करी के इस धंधे में शामिल हैं। उसने कहा कि कई और लोग हैं, जो मालखाने से शराब चुराकर बेचते हैं। पुलिस उन नामों का सत्यापन कर रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق