छोटी पहाड़ी के पास कंटेनर के धक्के से एक महिला की मौत से आक्राेशित लोगों ने एनएच-30 काे जाम कर कई गाड़ियाें में तोड़फोड़ की। घटना मंगलवार देर रात की है। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। हंगामा बढ़ता देख मौके पर अगमकुआं, बाइपास और ट्रैफिक थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस उग्र लोगों को नियंत्रित करने में विफल रही। लोग ट्रैफिक थाने पहुंच कर हंगामा करने लगे।
रात करीब तीन बजे तक हंगामा होता रहा। ट्रैफिक थानाध्यक्ष कुमार वीरेंद्र ने बताया कि देर रात बड़ी पहाड़ी निवासी अरुण महतो की पत्नी 55 वर्षीय अमेरिका देवी सड़क पार करने के दौरान कंटेनर के धक्के से गंभीर रूप से जख्मी हो गई थी। उसे पीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया और सड़क जाम कर हंगामा किया।
उग्र लोग ट्रैफिक थाने पहुंच कर पुलिस से उलझ गए। पुलिस ने किसी प्रकार लोगों को हटाया। अगमकुआं थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि वाहनों में तोड़फोड़ और पुलिस पोस्ट में हंगामा काे लेकर करीब दो सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सड़क हादसे की प्राथमिकी ट्रैफिक थाने में दर्ज हुई है।
पुलिस ने राेका ताे पीछे लुढ़का ट्रक, स्कूटी सवार की माैत
खगौल लख स्थित निर्माणाधीन पुल के पास एक ओवरलोडेड ट्रक ने एक स्कूटी सवार को रौंद दिया। घटना बुधवार दोपहर की है। ट्रक पुल के कच्चे रास्ते से गुजर रहा था। वहां मौजूद यातायात पुलिस ने रुकने का इशारा किया ताे चालक ने जैसे ही रोका सड़क ढलान होने के कारण ट्रक पीछे की ओर लुढ़कने लगा और पीछे मौजूद स्कूटी सवार दानापुर थाने के आरकेपुरम स्थित लैंडमार्क अपार्टमेंट निवासी 60 वर्षीय अशोक कुमार शुक्ला को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोग उन्हें निजी अस्पताल ले गए पर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अशोक फुलवारीशरीफ स्थित महावीर कैंसर संस्थान में ड्यूटी करने जा रहे थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने यातायात पुलिस पर ट्रक से अवैध वसूली का आराेप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। वहां वाहनों की लंबी लंबी कतार लग गई। खगौल पुलिस ट्रक को जब्त कर ड्राइवर के साथ थाने ले गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment