प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निशाने पर एक बार फिर लालू-राबड़ी शासनकाल रहा। उन्होंने उसे जंगलराज बताते हुए कहा कि वही राज स्थापित करने की साजिश हो रही है। पर, जंगलराज के युवराज से अलर्ट रहना है। इन्हें मौका मिला तो ये फिर से बिहार को अंधेरे दौर में ले जाएंगे। पीएम रविवार को छपरा, समस्तीपुर, मोतिहारी और बगहा में एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।
पीएम ने कहा जंगलराज वह दौर था जब मां बच्चों को घर से नहीं निकलने देती थी और यह कहकर डराया जाता था कि बाहर लकड़सुंघवा घूम रहा है, निकलोगे तो पकड़ लेगा। उन्हें अपहरण करने वालों से डर था। वह ऐसा दौर था, जहां उद्योग ही बंद हो गए। चीनी मिल से लेकर कई बड़े उद्योग तबाह हो गए।
ऐसे लोग उद्योग की बात करते हैं? मोदी ने कहा कि बिहार के लोग जंगलराज को भूले नहीं हैं। जब लोग घर नहीं बनाते थे, घर था तो उसे बाहर से ठीक नहीं करवाते थे। घर जितना बड़ा, रंगदारी उतनी बड़ी। गाड़ियां नहीं खरीदते थे, खरीदा तो उसे पुरानी जैसी बनाकर रखते थे। ये लोग सत्ता को व्यक्तिगत संपत्ति मानते हैं।
जंगलराज वालों ने बच्चों में भी सत्ता बांट लेते हैं। एक बेटे को पांच ज़िला दे दिया तो दूसरे को पांच। दामाद आए तो दो ज़िला उन्हें भी दे दिया। बेटी आई तो एक ज़िला उसे भी सौंप दी। ऐसे ही शासन चलता है। इसमें ग़रीब कहाँ है?
मां, तुम तो छठ की तैयारी करो...तुम्हारा बेटा दिल्ली में है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि छठ के दौरान किसी को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने बिहार में छठ करने वाली महिलाओं से अपील की कि आप तो छठ की तैयारी कीजिए। किसी तरह की असुविधा नहीं होनी दी जाएगी। लॉकडाउन के कारण आई परेशानी को दूर करने के लिए ही दिवाली, छठ तक मुफ्त अनाज उपलब्ध कराने की योजना बढ़ाई गई है।
यूपी में भी डबल युवराज थे, वहां हारे तो यहां हाथ हिला रहे
प्रधानमंत्री ने नाम लिए बगैर राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर प्रहार किया। मोदी ने कहा कि यूपी में भी चुनाव के दौरान डबल-डबल युवराज थे। गांव-गांव युवराज घूम रहे थे। जनता ने घर लौटा दिया। अब बिहार में हाथ हिला रहे हैं। यहां जंगलराज के युवराज के साथ घूम रहे हैं। पर, ये युवराज अपने परिवार से बाहर सोच ही नहीं सकते।
आपका एक वोट बिहार को बचाएगा
^मोदी ने कहा कि बिहार ने कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए बड़ी तपस्या की है, लंबी यात्रा तय की है। अब बिहार पुराने दौर में लौटना नहीं चाहता। आपका एक वोट बिहार को बीमार होने से बचा सकता है।
एनडीए के विकास के एजेंडे को बढ़ाएंगे
^सीएम नीतीश कुमार ने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और बिहार बढ़ रहा है। मोदी जी ने बिहार के लिए विशेष सहायता और योजनाएं चलाई हैं। इससे बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है, नई ऊंचाइयों पर जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment