महिला ने सौतन को घर में नहीं घुसने दी तो पति ने पहली पत्नी को गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को झील में फेंक दिया। दिल दहला देने वाली यह घटना अमडंडा थाना क्षेत्र के परियक गांव की है। जहां रविवार की शाम पहली पत्नी वेनेजुएला देवी (42 वर्ष) की हत्या पति शंकर दास (45 वर्ष) ने कर दी।
शंकर दास रविवार को खरीदारी के बहाने पहली पत्नी को सन्हौला बाजार ले गया और रास्ते में सुनसान जगह पर उसे गला दबाकर मार दिया। इसके बाद शव को झील में फेंक दिया। सोमवार को पुलिस ने महिला का शव नगदा झील से बरामद किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शंकर दास को गिरफ्तार कर लिया है। शंकर ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि दो माह पहले मैंने दूसरी शादी की थी।
बेटे ने रविवार को ही जताई थी हत्या की आशंका
शंकर दास के पुत्र मुकेश कुमार ने रविवार को ही मां की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाते हुए पिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस महिला की शव की तलाश कर रही थी। मुकेश का कहना है कि रविवार की शाम जब मां घर नहीं आई तो मैंने पिता से इस संबंध में पूछा था। तब पिता ने कहा था कि तुम्हारी मां अपने मायके चली गई है। फिर जब मैंने मामा से फोन कर इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि तुम्हारी मां यहां नहीं आई है। मुकेश ने बताया कि इसके बाद मैंने फिर पिता से पूछा तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बरामद किया शव
आरोपी ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद जब दूसरी पत्नी को लेकर घर आया तो पहली पत्नी वेनेजुएला उसे घर में नहीं घुसने दी। इसके बाद दूसरी पत्नी को उसके मायके छोड़ आया। 10 दिन पहले जब पहली पत्नी से फिर उसे घर लाने की बात बताई तो वह उग्र हो गई।
इधर, दूसरी पत्नी अपने साथ रखने के लिए मुझ पर दबाव बना रही थी। इसी कारण मैंने उसे रास्ते से हटाने का निर्णय लिया। रविवार को खरीदार के लिए उसे बाजार के लिए ले गया और रास्ते में उसकी गला दबाकर हत्या करने के बाद शव नगदा झील में फेंक दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर झील से शव बरामद किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment