दीपनगर थाना अंतर्गत लालबाग गांव के समीप सड़क किनारे बुधवार की सुबह एक ताला लगा ट्रंक फेंका मिला। सूचना पाकर पुलिस मौके पर आ गई। ताला तोड़ ट्रंक खोलने पर उससे हाथ-पैर बंधे, अज्ञात अधेड़ की लाश मिली। धारदार हथियार से सिर पर वार कर अधेड़ को मौत के घाट उतारा गया था।
शव देख ग्रामीण हैरान रह गए। हत्या की सूचना पाकर डीएसपी व थानाध्यक्ष मौके पर आकर, जांच में जुट गए। पुलिस के प्रयास से घंटे भर बाद मृतक की पहचान सोहसराय थाना क्षेत्र के सहोखर मोहल्ला निवासी अर्जुन प्रसाद उर्फ अर्जुन साव के 45 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार उर्फ पिंटू के रूप में की गई। मृतक सूद पर कर्ज देते थे।
परिजन उसी विवाद में वारदात का आरोप लगा रहे हैं। मृतक के पुत्र सुजल कुमार ने सागर समेत दो नामजद व कुछ अज्ञात को आरोपित कर केस दर्ज कराया है। सुबह की सैर पर निकले कुछ लोगों ने सड़क किनारे एक ट्रंक फेंकी देखी। ट्रंक नया था। उसमें पुराना ताला लगा था। ग्रामीणों को लगा कि चोर, ट्रंक चोरी कर भाग रहा होगा। पकड़े जाने के डर से उसे फेंक दिया।
हाथ-पैर बंधी मिली लाश : पुलिस ने ताला तोड़ ट्रंक खोला। जिससे हाथ-पैर बंधे अधेड़ की लाश मिली। शव देख ग्रामीण अवाक रह गए। सिर पर धारदार हथियार से वार कर, अधेड़ की हत्या की गई थी। हत्या की सूचना पाकर डीएसपी, थानाध्यक्ष समेत अन्य पदाधिाकरी आकर जांच में जुट गए। ग्रामीणों की मानें तो शव से शराब की दुर्गंध आ रही थी। अंदेशा है कि हत्यारे नजदीकी होंगे। शराब पिलाकर अधेड़ को मौत के घाट उतारा गया।
फोटो से हुई पहचान
शव मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल किया। करीब घंटे भर बाद मृतक की पहचान हो गई। मौत की खबर पाकर परिजन अस्पताल आ गए। जहां उनकी चीख-पुकार गूंज रही थी।
हत्या का कारण : सूद पर देते थे कर्ज, उसी विवाद में हत्या की आशंका
मृतक सूद पर कर्ज देते थे। भाई इंद्रजीत ने बताया कि उनके भैया नगर निगम कार्यालय के समीप अक्सर जाते थे। जहां उनकी पहचान निगम की महिला कर्मी के पुत्र सागर से हुई। सागर ने भाई से 30 हजार रुपया कर्ज लिया था। बदले में उसने स्वेच्छा से अपनी बाइक दे दी थी। तीन माह की समय सीमा समाप्त होने के बाद भी युवक ने कर्ज नहीं लौटाया। इसी तरह करीब डेढ़ साल का समय बीत गया।
कर्ज लौटाने की बात कह बुलाया : भाई ने बताया कि सागर ने फोन कर भैया को मंगलवार की शाम कर्ज लौटाने की बात कह, अस्पताल चौक पर बुलाया। उसने अकेले आने को कहा था। भाई समझे कि उससे दुश्मनी तो है नहीं। इस कारण अकेले ही, उससे मिलने निकल गए। देर शाम तक नहीं लौटने पर परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे। बुधवार की सुबह उनकी लाश मिलने की खबर परिवार को लगी। सागर ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उनके भाई को मौत के घाट उतारा है।
कार्रवाई में जुटी पुलिस
केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष मो. मुश्ताक अहमद ने बताया कि मृतक सूद पर कर्ज देते थे। 30 हजार बकाया के विवाद में घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है।
-डॉ. मो. शिब्ली नोमानी, सदर डीएसपी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment