मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सार्वजनिक पोखर, आहर, पईन को अतिक्रमण से मुक्त कराने के बाद इसके किनारे बसे लोगों को घर बनाने के लिए पैसा दिया जाएगा, उनको बसाया जाएगा। अभी तक 1,56,881 सार्वजनिक पोखर, आहर व पईन तथा 3577 कुंओं को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। इनका जीर्णोद्धार हुआ है।

वे मंगलवार को जल-जीवन-हरियाली दिवस के मौके पर अवसर पर इस अभियान में जनभागीदारी कार्यक्रम की शुरुआत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हर महीने के पहले मंगलवार को जल-जीवन-हरियाली अभियान दिवस जरूर मने। उन्होंने कहा कि 2012 में हरियाली अभियान शुरू हुआ।

24 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया। 19 करोड़ से ज्यादा पौधे लगे। अब बिहार का हरित आवरण बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है। इसे 17 प्रतिशत करना है। 5 जून 2020 से 9 अगस्त 2020 तक 3 करोड़ 47 लाख पौधे लगे। इस साल 5 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य है।

सबसे पहले डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों को लगेगी वैक्सीन
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में कोरोना वैक्सीन देने की तैयारी पूरी कर ली गई है। सबसे पहले स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर और उनके साथ काम करने वाले लोगों को वैक्सीन लगेगी। पुलिस-प्रशासन के लोगों और सभी जनप्रतिनिधियों को वैक्सीन लगेगी। हमारी कोशिश होगी कि कोरोना से पीड़ित लोगों के साथ सभी लोगों तक वैक्सीन पहुंचे। पहले दौर में 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। सपा नेता अखिलेश यादव द्वारा वैक्सीन को ‘भाजपा का वैक्सीन’ बताने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा-’कुछ लोग खबर में छपने के लिए बोलते रहते हैं।’

फिर से जनता दरबार: मुख्यमंत्री ने कहा-जनता दरबार मुख्यमंत्री कार्यक्रम फिर से शुरू होगा। मगर अभी कोरोना का हालात देख लेते हैं। उसके बाद कोई निर्णय लिया जाएगा।

सोशल मीडिया पर ज्यादातर गलत चीज का हो रहा प्रसार
सीएम ने कहा-सोशल मीडिया पर ज्यादातर गलत चीज चलती है। अच्छी चीजों के लिए इज्जत कम है वहां। यहां हमने कितना ज्यादा काम किया, लेकिन क्या-क्या कहा गया? कम उम्र के बच्चे भी इसका हिस्सेदार हो जाते हैं। 6-7 साल का बच्चा भी मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा है। अनाप-शनाप सीख रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार के कार्यों की जानकारी दी जाए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पौधे में पानी देकर हरियाली अभियान शुरू करते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।

Post a Comment