टाउन थाना की पुलिस ने भलुहीपुर मुहल्ला में एक घर में देर रात छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब के साथ पिस्टल व कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस ने मौके पर भाग रहे तीन तस्करों में से एक शातिर को दबोच लिया। दो तस्कर भागने में सफल रहे। इस घटना को लेकर रात भर अफरा-तफरी का माहौल रहा। छापेमारी टीम का नेतृत्व टाउन थाना के थानाध्यक्ष जन्मेजय राय कर रहे थे। बताया जा रहा है कि एसपी सुशील कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि भलुहीपुर में एक घर में अवैध देसी-विदेशी शराब के साथ हथियार रखा हुआ है। इसके बाद एसपी के आदेश पर टाउन थाना के थानाध्यक्ष जन्मेजय राय, दरोगा शिवेंद्र कुमार एवं क्रॉस मोबाइल के जवानों को लेकर भलुहीपुर स्थित स्वर्गीय सच्चिदानंद यादव के घर में छापेमारी करने पहुंचे। पुलिस की गाड़ी देखते ही तस्कर आदमी घर से निकलकर भागने लगे। जिसमें से एक को पुलिस ने पकड़ा। दो तस्कर संकरी गलियों का सहारा लेकर भाग निकले। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम सुरेंद्र यादव बताया। उसके बाद उसके घर को सर्च करने पर भारी मात्रा में शराब की बोतलें एवं हथियार मिलीं। थानाध्यक्ष जन्मेजय राय ने बताया कि तीन कमरों में अवैध शराब एवं हथियार मिला है। गिरफ्तार सुरेंद्र यादव ने बताया कि मेरा भाई बिरेंद्र कुमार एवं भतीजा कुंदन इस धंधे में संलिप्त है। दोनों सहयोगी पुलिस को देख कर भाग निकले।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

Post a Comment