पटना.जम्मू-कश्मीर में 3 दिन पहले हुई बर्फबारी के कारण मंगलवार को पटना कांप उठा। वहां से चली बर्फीली पछुआ हवा के कारण दोपहर होते-होते ठंड काफी बढ़ गई। हवा की रफ्तार सुबह चार किलोमीटर प्रति घंटे थी जो दोपहर होते-होते 25 से 27 किलोमीटर पहुंच गई।

मंगलवार को सुबह धूप निकली तो दोपहर होते-होते बदली छा गई, जिससे अचानक पारा गिर गया और ठिठुरन महसूस होने लगी। पटना ही नहीं बिहार के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में एक से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान भी औसत से दो से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा।मौसम में आए इस बदलाव के कारण पटना के डीएम ने बुधवार से सभी स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है।

उधर, फतुहा के रायपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा अचानक क्लास में ही बैठे-बैठे गिर गई। छात्रा को तत्काल पीएचसी ले जाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आशंका है कि ठंड लगने से उसकी मौत हुई है। मृत छात्रा रायपुरा के ही स्व. आनंद प्रसाद की दस वर्षीया पुत्री सीमा थी। मौसम विभाग के निदेशक आनंद शंकर के मुताबिक पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी की वजह से तेज हवाएं दिल्ली, यूपी होते हुए बिहार में प्रवेश कर रही है। जिससे मैदान क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह से शुष्क हो गया है, जिससे ठंड का असर दिखाई दे रहा है।

राजधानी मेंन्यूनतम पारा 12 डिग्री पर पहुंचा
पटना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 20.3 और न्यूनतम 12 डिग्री गया में अधिकतम 21.3 और न्यूनतम 13.9 डिग्री, भागलपुर में अधिकतम 23.5 और न्यूनतम 14 डिग्री और पूर्णिया में अधिकतम 23 और न्यूनतम 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम का बदला मिजाज, हर घंटे लुढ़का पारा
पटना में हर घंटे अधिकतम पारा में बदलाव दिखा। नौ बजे धूप थी। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। एक बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगी। इसके बाद अधिकतम तापमान में गिरावट होने लगी। चार बजे 17 डिग्री और सात बजे 16 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।

सुबह 9 से 3 बजे तक ही चलेंगे 12वीं तक के स्कूल

बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के खुलने और बंद होने के समय में बदलाव किया है। नर्सरी से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 9 बजे से 3 बजे तक चलेंगी। डीएम कुमार रवि ने कहा कि ठंड का प्रभाव बच्चों के स्वास्थ्य पर नहीं पड़े। इसलिए स्कूलों के खुलने और बंद होने का समय निर्धारित किया गया है। यह आदेश बुधवार से सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर प्रभावी होगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूल प्रशासन पर कार्रवाई होगी। हालांकि, कुछ स्कूलों में देर शाम तक सूचना न मिलने से असमंजस की स्थिति थी। स्कूल प्रबंधन गुरुवार से आदेश लागू करने की बात कहीं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कश्मीर में बर्फबारी के कारण उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में ठंड बढ़ रही है।

Post a Comment