बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अम्फान’ की वजह से जिले के बायसी प्रखंड में ठनका गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं शहर के आसमान में भी दिन भर बादल छाए रहे। इस दौरान 20 से 30 किमी के रफ्तार से हवा भी चली और बूंदाबादी भी हुई।
चक्रवात की वजह से अधिकतम तापमान में 2.5 डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया, जो सोमवार को शहर के अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री से 2.5 डिग्री कम रहा। हालांकि सोमवार देर रात से ही छाए बादल के कारण से न्यूनतम तापमान हल्की बढ़ोतरी के साथ 25.5 डिग्री दर्ज किया गया।
इस दौरान शहर में 0.2 मिमी बारिश भी दर्ज की गई। वहीं चक्रवाती तूफान के कारण से मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवा चलने की आशंका जताई गई है। जिला मौसम केंद्र के सहायक वैज्ञानिक ने बताया कि चक्रवाती तूफान अम्फान पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तट पर सक्रिय है।
लेकिन बंगाल की खाड़ी नजदीक होने के कारण से इसका आंशिक असर बिहार समेत जिले में भी देखने को मिल सकता है। पटना मौसम केंद्र के द्वारा अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान बारिश-पानी की आशंका जताई गई है। उन्होंने बताया कि बुधवार को भी मौसम में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। बुधवार को हल्की बारिश की भी आशंका है।
डीएम ने दिया क्वारेंटाइन सेंटर्स पर विशेष नजर रखने का निर्देश
चक्रवाती तूफान अम्फान को लेकर जिलाधिकारी राहुल कुमार ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।जिलाधिकारी ने कहा कि अम्फान का असर जिले में भी देखने को मिल सकता है।जिस कारण से सभी अधिकारियों को जिले में संचालित सभी क्वारेंटाइन सेंटरों पर विशेष ध्यान रखने का निर्देश देते हुए अलर्ट मोड में रहने को कहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment