जिले में कोरोना पॉजिटिव के छह नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमा में हड़कंप मच गया है। कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों में चार रोसड़ा के ढठ्‌ठा व दो हसनपुर के बसंतपुर गांव के रहने वाले हैं। सभी तीन दिन पूर्व किसी तरह छिपते हुए कोलकाता से रोसड़ा पहुंचे थे। बताया गया है कि सभी कोलकाता के एक मंदिर में पुजारी का काम करते थे। सभी लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाए जाने के बाद देर रात स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन लोगों को शहर के एक होटल में बनाए गए आइसोलेशन सेंटर में भर्ती किया है। सिविल सर्जन आरआर झा ने बताया कि सभी पॉजिटिव लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उपचार शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी पुजारी 5 मई की रात कोलकाता से रोसड़ा पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने सभी को क्वारेंटाइन सेंटर में रखते हुए कोरोना जांच के लिए सैंपल भेजा था। गुरुवार देर रात सभी लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद रोसड़ा से समस्तीपुर लाया गया है।
कोलकाता से छुपते-छुपाते पहुंचे थे रोसड़ा
कोलकाता में तबीयत खराब होने पर सभी ने कोलकाता में जांच कराई थी। जांच सैंपल लेने के बाद सभी को होम क्वारेंटाइन में रहने को कहा गया था। इसी दौरान सभी लोगों की काेराेना जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव आने की भनक लग गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने से पूर्व सभी वहां से फरार हो गए। कोलकाता से बचते हुए सभी झारखंड पहुंच गए। फिर किसी तरह रोसड़ा। इस दौरान कोलकाता से पॉजिटिव मरीज के भागने की सूचना पर पुलिस ने सभी लोगों को ट्रैक कर लिया। सूचना पर रोसड़ा पुलिस ने 5 मई की रात सभी को क्वारेंटाइन सेंटर में ला कर रखा।

वसंतपुर पहुंची अधिकारियों की टीम, संक्रमित के कपड़े लाने वाले के परिवार के 13 लोगों को किया गया होम क्वारेंटाइन

हसनपुर | प्रखंड के वसंतपुर के दो लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव आने पर शुक्रवार को अधिकारियों की टीम वसंतपुर पहुंची। अधिकारियों सहित मेडिकल टीम ने दोनों मरीजों के घर पर पहुंच कर परिजनों से पूछताछ की। इस दौरान एक मरीज के संपर्क में आए उसके भाई को मेडिकल जांच के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। साथ ही परिवार के 13 लोगों को होम क्वारेंटाइन कर दिया। ये दोनों तीन दिन पहले कोलकाता से वापस लौटे थे। प्रशासनिक पदाधिकारियों की पहल पर दोनों को मेडिकल जांच के बाद रोसड़ा क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था। इस दौरान दोनों में से एक व्यक्ति के भाई ने वसंतपुर से रोसड़ा पहुंच कर उससे मुलाकात किया। साथ ही उसके कपड़े को साफ-सफाई के लिए घर लाया। जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव आने के बाद जब अधिकारियों की टीम पूछताछ के लिए वसंतपुर पहुंची, तो पता चला कि संपर्क में आने वाला भाई गांव में ही किराना दुकान भी चलाता है। वह गांव में एक भंडारा में भी शामिल हुआ था। साथ ही बगल के ही एक गांव जगन्नाथपुर में काम कर रहे पांच मजदूरों के भी संपर्क में आया था।

बीडीओ ने कहा- संपर्क में आने वाले भाई की जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव आती है, तो गांव को तीन किलोमीटर के दायरे में किया जाएगा सील
बीडीओ दुनिया लाल यादव ने बताया कि कोरोना जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव पाए जाने वाले दो व्यक्तियों में से एक व्यक्ति के संपर्क में आने वाले उसके भाई को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। यदि रिपोर्ट पाॅजिटिव आती है तो गांव को तीन किलोमीटर के दायरे में सील कर दिया जाएगा।

संक्रमित के भाई के संपर्क में आनेवालों की भी होगी जांच
प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विमल राय ने बताया कि कोरोना जांच रिपोर्ट पाॅजिटिव पाए जाने वाले युवक के संपर्क में आने वाला उसका भाई जिन लोगों के संपर्क में आया। सभी लोगों के जांच कराने की तैयारी की जा रही है। टीम के सदस्यों के द्वारा जानकारी हासिल कर सूचीबद्ध किया जा रहा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
वसंतपुर में कोरोना मरीज के परिजनों से पूछताछ करने के लिए सक्रिय अधिकारियों की टीम

Post a Comment