महानगरों से वापस लौट रहे प्रवासियों को 14 दिनों तक घर से दूर रखने के लिए बनाए गए क्वारेंटाइन सेन्टर में सरकारी व्यवस्था को लेकर नाराजगी थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को प्रखंड के प्रसन्डो स्थित मोतीलाल आर्यवती उच्च विद्यालय में बनाए गए क्वारेंटाइन सेंटर में बैजलपुर, गोबड्डा, बौखरा, प्रसन्डो, लडुई सहित अन्य समीपवर्ती गांव के प्रवासियों को रखने की व्यवस्था की गई है।
लेकिन व्यवस्था से नाराज प्रवासियों ने हंगामा किया। उनका कहना था कि हम प्रवासियों की स्वास्थ्य जांच के उपरांत अस्पताल से दिए गए चिठ्ठे में क्वारेंटाइन का जिक्र तो है लेकिन किस जगह रहना है इसका जिक्र नहीं किया गया है। ऐसे में हमलोगों के सामने काफी मुश्किलें आ रही है।
उल्लेखनीय हो कि रोजाना दर्जनों बसों पर सवार प्रखंड के ग्रामीण और शहरी इलाकों के प्रवासी जो महाराष्ट्र, मुंबई, दिल्ली, बंगाल, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा, जम्मू आदि राज्यों से आ ही रहे है। प्रशासन ने रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन से आने वाले प्रवासियों के लिए एतिहात के तौर पर अलग-अलग क्वारेंटाइन सेंटर की व्यवस्था की है।
लेकिन आलम यह है कि पंचायत क्षेत्र में बनाए गए क्वारेंटाइन सेंटर में जो व्यवस्था की गई है वह नाकाफी साबित हो रही है। लिहाजा इन केंद्रों पर प्रतिदिन विरोध प्रदर्शन एक दिनचर्या बन गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment