माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) 2019 की पुनर्परीक्षा ऑनलाइन होगी। बिहार बोर्ड के प्रस्ताव को शिक्षा विभाग ने मंजूरी दे दी है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक गिरिवर दयाल सिंह ने बिहार बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक (विविध) की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर सहमति दी है। अब यह परीक्षा बिहार स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड(बेल्ट्रॉन) के माध्यम से ली जाएगी। एसटीईटी 2019 इसी साल 28 जनवरी को आयोजित की गई थी। यह परीक्षा ऑफलाइन ली गई थी, लेकिन परीक्षा में बड़े पैमाने पर हुई धांधली के बाद बोर्ड ने जांच समिति बनाई थी।

जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर 16 मई को दोनों पालियों की परीक्षा रद्द कर दी गई थी। बिहार बोर्ड ने फिर से इस परीक्षा को आयोजित करने का प्रस्ताव विभाग को भेजा था, लेकिन अब यह परीक्षा ऑफलाइन के ऑनलाइन ली जाएगी। माध्यमिक (वर्ग 9 एवं 10) एवं उच्च माध्यमिक (वर्ग 11 एवं 12) विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए 8 साल बाद एसटीईटी का आयोजन हुआ था।

फिर से आवेदन नहीं करना पड़ेगा

बिहार बोर्ड ने इस महीने की शुरुआत में पटना हाईकोर्ट को बताया है कि माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा तीन महीने बाद लेने की तैयारी की जा रही है। इस हिसाब से अगस्त-सितंबर में परीक्षा हो सकती है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों से दोबारा परीक्षा के लिए कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा उन्हें अलग से आवेदन करने की आवश्यकता भी नहीं है।

इन दो वजहों से रद्द कर दी गई थी एसटीईटी 2019 की परीक्षा

जांच कमेटी ने माना कि परीक्षा के दिन केन्द्रों पर तोड़फोड़ हुई थीं। ऐसे में प्रश्न पत्र को मोबाइल से बाहर भेजा गया होगा। इसके अलावा प्रश्नपत्र सेटर द्वारा चारों विषयों को अलग ग्रुप में नहीं बांटकर सामाजिक विज्ञान के सभी प्रश्नों को एक ग्रुप में ही डाल दिया था, जो गलत है। इन दो वजहों से परीक्षा रद्द कर दी गई थी।

65वीं बीपीएससी की मुख्य परीक्षा 25 से 28 जुलाई तक होगी

65वीं बीपीएससी संयुक्त मुख्य परीक्षा 25, 26 व 28 जुलाई को होगी। बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार ने शुकवार को यह सूचना जारी की। बीपीएससी की वेबसाइट www.bpsc.bih.nic.in पर परीक्षा की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
बिहार बोर्ड ने फिर से इस परीक्षा को आयोजित करने का प्रस्ताव विभाग को भेजा था, लेकिन अब यह परीक्षा ऑफलाइन के ऑनलाइन ली जाएगी।

Post a Comment