गया में शुक्रवार को कोरोना का विस्फोट हुआ। एक साथ 38 मामले आए। चिंता की बात यह है, कि इसमें से 36 पॉजिटिव मरीज गया शहर के हैं। गया शहर में पिछले एक पखवारे से पॉजिटिव मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को कैमूर की रहने वाली एक 55 वर्षीय महिला मरीज की मौत इलाज के दौरान गया में हो गई।
इधर, शुक्रवार को आई रिपोर्ट में सबसे ज्यादा मामले नई गोदाम मुहल्ले से आए। यहां पॉजिटिव केस 16 आए हैं। इसके बाद बॉम्बे सेल प्रतिष्ठान के छह कर्मी भी रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है। पुलिस महकमा भी इससे बहुत अछूता नहीं रह गया है। कुछ दिन पहले कोतवाली थाना का एक होमगार्ड संक्रमित पाया गया था।
इसके बाद यहां पोस्टेड सभी पुलिस जवानों और पदाधिकारियों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग के द्वारा लिए गए थे। इनकी आई रिपोर्ट में 9 संक्रमित मिले हैं। कोतवाली थाना में नौ नए केस आने के बाद पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप है। जांच रिपोर्ट विलम्ब से आई है, ऐसे में संक्रमण का और फैलाव होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
सभी 34 इलाज के लिए भर्ती किए गए, 282 पहुंचा है आंकड़ा
गया के सिविल सर्जन ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 34 आई है। इसमें नई गोदाम से 16 हैं। इन सोलह में चार डिप्टी मेयर के नजदीकी भी शामिल हैं। सिविल सर्जन बीके सिंह के मुताबिक नई गोदाम से 16 के अलावे बॉम्बे सेल प्रतिष्ठान से 6, कोतवाली थाना के 9 पुलिसकर्मी और शेरघाटी के तीन शामिल हैं।
गठित कोषांगों के कार्यों की हुई समीक्षा बैठक
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में कोविड-19 कोरोना से बचाव के लिए किए गए लॉकडाउन अनलॉक 2 के दौरान गठित कोषांगों के कार्यों की समीक्षा की गई। डीएम ने नगर आयुक्त को सब्जी मंडी, फल मंडी, गोदाम, मॉल, रेस्टोरेंट एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मास्क प्रयोग की गहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कहा कि मास्क न प्रयोग करने वाले व्यक्तियों से फाइन की वसूली करें साथ ही जांच टीम को पर्याप्त संख्या में मास्क भी उपलब्ध कराएं, ताकि वैसे लोगों से जुर्माना वसूली कर उन्हें ऑन द स्पॉट मास्क पहनाया जाए। वहीं जिस स्थान पर मास्क प्रयोग करने का अभियान चलाया जाता है, वहाँ पर वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई जाए।
कंटेनमेंट जोन को लगातार कराते रहें सैनिटाइज
डीएम ने नगर आयुक्त सावन कुमार को निर्देश दिया कि केंटेनमेंट जोन में लगातार सैनिटाइजेशन कराया जाए। जिला निबंधन परामर्श केंद्र, समाहरणालय परिसर खास करके जिला परिवहन कार्यालय एवं कल्याण विभाग के समीप के परिसर एवं शहरी क्षेत्रों में लगातार सैनिटाइजेशन कराया जाए। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी को चना की उपलब्धता, दाल का उठाव, खाद्यान्न वितरण का अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। खाद्यान्न वितरण की रिपोर्ट पोर्टल एवं वेबसाइट पर अपलोड कराएं।
डीएम ने कहा- एईएस के मामले जुलाई में बढ़ते हैं, अब तक पांच ठीक
डीएम ने एएनएमएमसीएच के अधीक्षक एवं सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि प्रतिदिन कोविड-19 के पॉजिटिव मामलों की रिपोर्ट 11 बजे सुबह और 3 बजे दोपहर को संबंधित पोर्टल पर अपलोड करवाते रहें। बैठक में एईएस के समीक्षा में बताया गया कि इस सप्ताह एईएस का कोई भी मरीज नहीं आया है। पिछले सप्ताह एईएस के 5 मरीज आए थे, वे सभी स्वास्थ्य होकर अपने घर चले। जिलाधिकारी ने अधीक्षक अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल, सिविल सर्जन एवं सभी पीएचसी के डॉक्टर को एईएस के मामले में सतर्क रहने का निर्देश दिया। कहा कि जुलाई महीने में एईएस के मरीज आने की संभावना अत्यधिक रहती है।कांटेक्ट ट्रेसिंग वालों की भी हो रही सैम्पलिंग
डीपीएम स्वास्थ्य निलेश कुमार ने बताया कि लगातार सैंपलिंग कराई जा रही है, कांटेक्ट ट्रेसिंग वाले व्यक्तियों को भी चिन्हित कर उनका रेंडमली सैंपल कलेक्ट किया जा रहा है। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि प्राइवेट हॉस्पिटल एवं लेबोरेट्री में वैसे व्यक्ति जो कोरोना के लक्षण का उपचार कराने आते हैं, संबंधित डॉक्टर या लेबोरेट्री अविलंब अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल या सिविल सर्जन को सूचना उपलब्ध कराएंगे। कहा कि सभी सरकारी एवं प्राइवेट क्लीनिक में शत प्रतिशत व्यक्तियों का ऑक्सीमीटर से ऑक्सीजन लेवल मापा जाएगा। साथ ही ऑक्सीजन लेवल को पुर्जा में अंकित भी किया जाना अनिवार्य होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment