पुलिस ने जिले में पहली बार एटीएम कार्ड का क्लोन (डुप्लीकेट) बनाने वाले साइबर अपराधियों के अंतरप्रांतीय गिराेह का खुलासा किया है। यह गैंग एटीएम कार्ड का क्लोन बना लोगों के खाते से पैसे उड़ाता है। मोजाहिदपुर पुलिस ने गुड़हट्टा चौक से नीतीश तिवारी को गिरफ्तार किया है। वह सीवान के जीबीनगर का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से एक मिनी स्कीमर (एटीएम कार्ड स्वैप कर उसका डाटा कॉपी करने वाला रीडर) बरामद किया है।
पूछताछ में उसने बताया कि वह एटीएम क्लोन करने वाले गैंग के लिए काम करता है और गोड्डा में उसके दोस्त इस काम को संगठित तरीके से करते हैं। नीतीश ने बताया कि वह दो दोस्त के साथ गोड्डा से भागलपुर शिकार की तलाश में आया था। एटीएम का क्लोन उसके दोस्त अभिषेक और अनुपम तैयार करते हैं। कार्ड स्वैप कर डाटा व पिन की जानकारी जुटाना उसका काम है। इस एवज में उसे पैसे मिलते हैं।
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, लैपटॉप व ब्लैंक एटीएम बरामद
नीतीश की निशानदेही पर पुलिस ने गोड्डा के डीसी ऑफिस के पास किराए के मकान में रहने वाले युवकों के कमरे में छापेमारी की, जहां से एटीएम क्लोन करने वाले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, लैपटॉप, ब्लैंक एटीएम, अलग-अलग बैंकों के एटीएम और डेबिट कार्ड बरामद हुए। छापेमारी से पहले नीतीश के दोस्त फरार हो गए। इनमें गोड्डा का अभिषेक, छपरा का अनुपम शुक्ला, सोनू और वीरेंद्र शामिल हैं। नीतीश ने पुलिस को बताया कि वे लोग किसी भी एटीएम का क्लोन तैयार कर और गोपनीय पिन चुराकर पैसे उड़ा लेते हैं। टेक्निकल सेल ने पूछताछ की। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
युवक ने पकड़ी ठगी, शोर मचाने पर पहुंची पुलिस ने धर दबोचा
मंगलवार शाम नीतीश गुड़हट्टा चौक के पास स्थित यूको बैंक के एटीएम से नवादा (रजौन) के मीरनगर गांव निवासी रंजीत मंडल का एटीएम कार्ड मिनी स्कीमर में स्वैप करते पकड़ा गया। रंजीत पैसा निकालने एटीएम आया था, लेकिन पैसे नहीं निकल रहे थे। पीछे खड़े नीतीश ने सहयोग के नाम पर उसका एटीएम लेकर अंगुली में छिपाए मिनी स्कीमर में कार्ड स्वैप करने की कोशिश की, तभी रंजीत ने देख लिया। उसने नीतीश को पकड़ लिया और एटीएम चोर कहकर चिल्लाने लगा। फिर मोजाहिदपुर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बाहर खड़े उसके दो साथी भाग गए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق