केंद्रीय मत्स्य ,पशुधन एवं डेयरी उद्योग मंत्री और बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह ने शनिवार को कहा कि देश को यदि विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में लाना है तो एक कठोर जनसंख्या नियंत्रण कानून की जरूरत है जो सभी लोगों और धर्मों पर एक समान लागू हो।
गिरिराज ने विश्व जनसंख्या दिवस पर अपने ट्विटर पर एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कभी आबादी एक जरूरत होती है तो कभी यह बोझ बन जाती है। आज भारत के संदर्भ में जनसंख्या बढ़ोतरी विस्फोटक बन गई है। देश की आबादी विश्व की कुल जनसंख्या का 18 प्रतिशत से अधिक है, जबकि जमीनी क्षेत्रफल मात्र दो प्रतिशत और पानी केवल चार फीसदी है। यही नहीं, भू-जलस्तर लगातार कम भी होता जा रहा है।
गिरिराज ने चीन का जिक्र करते हुए कहा कि आज उसके संपन्न होने के पीछे 1979 में वहां लाया गया जनसंख्या नियंत्रण कानून है। चीन में यह कानून नहीं होता तो वहां की आबादी में आज 60 करोड़ का और इजाफा होता। देश में बढ़ती आबादी आज हमारे लिये चुनौती बन गई है। यदि हम विकसित देशों के समकक्ष खड़ा होना चाहते हैं तो हमें आबादी को लगाम लगानी होगी और इसके लिए एक कड़े कानून की जरुरत है जो सभी लोगों और धर्मों पर एक समान लागू हो। जनसंख्या नियंत्रण को राजनीति और धर्म से नहीं जोड़ा जाए। इसे केवल और केवल देश के विकास और संसाधनों के नजरिये से देखने की आवश्यकता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment