उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने राजद पर विधानसभा चुनाव रोकने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। बुधवार को मोदी ने ट्वीट कर कहा है कि आयोग मताधिकार, लोकतंत्र और मतदाताओं की सुरक्षा के लिए हर संभव उपाय कर रहा है, लेकिन संवैधानिक संस्था पर अविश्वास करने वाले दल पराजय के डर से चुनाव का विरोध कर बिहार को राष्ट्रपति शासन के हवाले करना चाहते हैं। जिन लोगों ने अपने राज में नरसंहारों और हत्याओं के खूनी दौर में भी चुनाव टालने की नहीं सोची, वे आज एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया को रोकने के लिए दबाव बना रहे हैं।
मोदी ने कहा कि जब कोरोना के साथ जीने की पूरी तैयारी की जा चुकी है, रेलवे, घरेलू उड़ान, होटल और पर्यटन जैसे क्षेत्र भी एहतियात के साथ खोले जा रहे हैं, तब बिहार विधानसभा के चुनाव क्यों नहीं कराये जाने चाहिए? विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ने जो जानकारियां दी हैं, वह मतदाताओं का भरोसा बढ़ाने वाली हैं।
आयोग ने आश्वस्त किया है कि कोरोना काल के सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा, शारीरिक दूरी बरतने के लिए 33,797 अतिरिक्त पोलिंग स्टेशन बनाये जाएंगे। वोटिंग और रैली के नियम बदलेंगे। सभी दल उस डिजिटल माध्यम से प्रचार कर सकेंगे, जो कम खर्चीला और इको-फ्रेंडली है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق