देवीचक मोहल्ले में स्थित एक निजी नर्सिंग होम मेंबुधवार की शाम एक नवजात के गायब होने को लेकर परिजनों और नर्सिंग होम के कर्मियों के बीच मारपीट हुई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और नर्सिंग होम के प्रोपराइटर, दाई व एक युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। इस बीच नर्सिंग होम के कुछ स्टाफ फरार हो गए।

खगौल के रंजन पासवान की पत्नी प्रियंका कुमारी अपने मायके रायपुरा में रह रही थी। प्रसव पीड़ा के बाद मंगलवार को उक्त नर्सिंग होम में पहुंची। प्रोपराइटर ने कहा कि रक्तस्राव हो रहा है। ऑपरेशन कराना होगा। फीस जमा करने के बाद प्रियंका का ऑपरेशन किया गया। परिजनों को बच्चे के जन्म की जानकारी दी गई। आरोप है कि कुछ देर बाद अस्पतालकर्मियों ने बिना परिजनों के दिखाए नवजात को गायब कर दिया। सुबह रंजन ने फोन पर पूछा तो बताया गया बच्चा बीमार है, शीशे में रखा गया है। नर्सिंग होम पहुंचकर बच्चे को दिखाने की बात कही तो उनके साथ मारपीट की गई।
थाने में शिकायत दर्ज
इस संबंध में नवजात के पिता रंजन पासवान ने थाने में नर्सिंग होम के खिलाफ बच्चे को बेच देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। वहीं पुलिस ने जब हिरासत में ली गई दाई व एक युवक से पूछताछ की तो दोनों ने बताया कि जन्म के बाद बच्चे की मौत हो गई थी और उसे गंगा में प्रवाहित कर दिया गया। बच्चे की मौत के बाद अस्पताल को उसके शव को लौटा दिया जाना था।

नानी को दी थी जानकारी
नर्सिंग होम के स्टाफ ने बताया कि बच्चे की मौत की जानकारी उसकी नानी को दे दी गई थी। उनकी सहमति से ही शव को ठिकाने लगाया गया था। इधर, नर्सिंग होम के प्रोपराइटर कुछ भी बताने से इनकार कर रहे हैं। जब पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो अस्पताल कर्मी बच्चे को बाहर ले जाते दिखे। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया- बच्चा गायब हुआ है। वह जीवित है या मृत था, इसकी जांच की जा रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Baby missing from nursing home after birth in Fatuha, father says hospitalists sold

Post a Comment