नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर भाजपा ने हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता निखिल आनंद ने कहा कि चुनावी साल में तेजस्वी नौटंकी कर रहे हैं। इस तरह की राजनीति से जनता अब गुमराह होने वाली नहीं है। 15 साल तक बिहार को बर्बाद करने के बाद अगले 15 सालों तक सत्ता नहीं मिली तो माफी मांग रहे हैं। लालू यादव ने अपने शासन के लिए कभी जनता से माफी मांगी है क्या? 15 सालों तक अपराध, अपहरण, बलात्कार, उद्योगों के पलायन के लिए जिम्मेदार राजद को जनता कभी माफ नहीं करेगी।
भाजपा एमएलसी संजय मयूख ने कहा कि तेजस्वी के क्षमा मांगने से राजद के पाप नहीं धुलने वाले। 15 साल में जिन लोगों की जिंदगी बर्बाद हुई उनको कौन जवाब देगा? राजद के पाप की एक लंबी फेहरिस्त है और अंतहीन श्रृंखला है। 15 सालों में कई परिवार बर्बाद हो गए और कई मांगें सूनी हो गई। ऐसी विभत्स स्थिति को याद कर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। राजद के कर्मों की सजा जनता ने दे दी है।
बता दें कि गुरुवार को राजद के मिलन समारोह में तेजस्वी ने कहा था कि बिहार में राजद 15 साल तक सरकार में रहा। इस दौरान जो भी भूल या गलती हुई इसके लिए हम माफी मांगते हैं। इसके साथ ही तेजस्वी ने नीतीश कुमार से पूछा कि वह भी तो 15 साल से मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने जनता से किए अपने वादों को पूरा क्यों नहीं किया?
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق