पुलिसकर्मियों के काेराेना से संक्रमित होने के कारण सदर थाने को मंगलवार को खबड़ा स्थित भेल कॉलोनी में शिफ्ट कर दिया गया। सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह ने दोपहर में थाने पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभारी थानेदार मनोज कुमार देव सहित अन्य पुलिसकर्मियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कोरोना वायरस से बचाव करते हुए अपराध पर अंकुश लगाने को कहा। सदर थाने में पदस्थापित सभी पुलिसकर्मियों को होम क्वारेंटाइन करवाया गया है।
उनकी जगह पर भेल कॉलोनी में शिफ्ट कैंप थाने में नए पदाधिकारियों व जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सरकारी मोबाइल, टेबल, कुर्सी, सभी कागजात आदि को सैनिटाइज किया गया है। देर शाम तक बिजली आपूर्ति की कवायद और साफ-सफाई होती रही।
थाना शिफ्ट होने के कारण दिनभर चक्कर काटते रहे फरियादी
भगवानपुर से भेल कॉलोनी में सदर थाना को शिफ्ट किए जाने पर फरियादियों को काफी परेशानी हुई। कई फरियादी सुबह से लेकर देर शाम तक भगवानपुर स्थित पुराना थाने पर पहुंचते रहे। यहां पर उन्हें भेल कॉलोनी में थाना के शिफ्ट होने की जानकारी दी गई। इसके बाद भी कई फरियादी जगह ढूंढ़ते रहे। एनएच से भेल कॉलोनी स्थित थाने में जाने पर रास्ता टूटे होने व जलजमाव के कारण परेशानी हुई।
वर्तमान में इन पदाधिकारियों की हुई है तैनाती
एसएसपी के निर्देश पर भेल कॉलोनी में अलग-अलग थाने और पुलिस लाइन से नौ पुलिस पदाधिकारियों के अलावा जवानों को तैनात किया गया है। इसमें ब्रह्मपुरा थाना से दारोगा मनोज कुमार देव, नगर थाना से दारोगा पन्ना लाल पाठक, जमादार रामजी प्रसाद, काजी मोहम्मदपुर से दारोगा मुनेश्वर सिंह, जनार्दन राय, मिठनपुरा थाना से दारोगा विश्वनाथ भगत, कांटी थाना से जमादार हरिवल्लभ कुमार, बेला थाना से दारोगा शिव कुमार, करजा थाना से दारोगा अशोक कुमार शर्मा को तैनात किया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment