कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अब एसकेएमसीएच के पीकू वार्ड के समीप संदिग्ध मरीजों के लिए 30 बेड का वार्ड अलग से बनाया जाएगा। इस वार्ड में कोरोना के मिलते-जुलते लक्षण वाले उन मरीजों को रखा जाएगा, जिनके सैंपल की रिपोर्ट नहीं आई है। यदि ऐसे मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो उन्हें पीकू वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा। यदि रिपोर्ट निगेटिव आती है तो जनरल वार्ड में इलाज किया जाएगा। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह के निर्देश पर एसकेएमसीएच प्रबंधन ने 30 बेड का अलग से कोविड वार्ड बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। डीएम ने बताया कि एसकेएमसीएच में 100 बेड का कोरोना अस्पताल पीकू वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है। सभी 100 बेड आईसीयू सुविधा युक्त हैं। वहीं, 60 बेड का जनरल वार्ड होगा।
बाढ़ कैंप में भी होगी कोरोना जांच : स्वास्थ्य विभाग की ओर से कहा गया है कि जिले के कोरोना मरीजों की जांच बाढ़ग्रस्त इलाकों में बने कैंप में भी की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार कैंप में रह रहे लोगों में किसी तरह का लक्षण दिखने पर उन्हें कोरोना जांच के लिए संबंधित पीएचसी में भेजा जा रहा है।

डीएम के निर्देश पर अस्पताल प्रबंधन में तैयारी शुरू, पहले से चल रहा 160 बेड की सुविधा पर काम

जिले में 89 कोरोना पॉजिटिव मिले, आंकड़ा 3207 पर पहुंचा

जिले में शुक्रवार को 89 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जिला प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को 886 सैंपल की जांच की गई, जिसमें 89 पॉजिटिव मिले। अधिकतर कोरोना पॉजिटिव शहरी व कंटेनमेंट जोन के हैं। वहीं, जिले में 85 कोरोना पॉजिटिव को स्वस्थ होने के बाद शुक्रवार को डिस्चार्ज कर दिया गया। फिलहाल जिले में कोरोना के 843 एक्टिव मामले हैं। नए मामले सामने आने के बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 3207 हो गई है।

सदर अस्पताल में ट्रूनेट मशीन से रोज 85 सैंपल की होगी जांच

सदर अस्पताल में शुक्रवार से ट्रूनेट मशीन से कोरोना जांच शुरू हो गई। पहले दिन दस सैंपल आए। जिसमें 4 की जांच की गई। सभी निगेटिव आई। यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. अमिताभ कुमार ने कहा कि अब सदर अस्पताल में लिए गए सैंपल एसकेएमसीएच या एमसीआर पटना नहीं भेजे जाएंगे। हर दिन 85 सैंपल की जांच यहां हो सकेगी। उक्त मशीन में कोरोना सैंपल की जांच की व्यवस्था है। मशीन ऑपरेट करने व सैंपल जांच के लिए पूर्व में ही जिले दो लैब टेक्नीशियन को एमसीआर पटना में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अन्य सैंपल जांच की भी यहां व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि कोरोना सैंपल जांच के लिए सदर अस्पताल में मशीन लगाने के बाद जांच दर बढ़ाने को सभी सीएचसी के लैब टेक्नीशियन को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जांच रिपोर्ट दो घंटे बाद मिल जाएगी।

आज और कल मुजफ्फरपुर में संपूर्ण लॉकडाउन

कोरोना संक्रमण को देखते हुए शनिवार और रविवार को मुजफ्फरपुर संपूर्ण बंद रहेगा। इस दौरान दूध की दुकानें खुलेंगी। मेडिकल सेवा पर भी बंदी का कोई असर नहीं रहेगा। बाकी कोई भी दुकान खोलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश अगले 16 अगस्त तक मुजफ्फरपुर में लागू रहेगा। शनिवार व रविवार को किराना दुकान तक खोलने पर प्रतिबंध लगाया गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
SKMCH will have a separate 30-bed ward for suspected corona patients

Post a Comment