जिले में जिस तरह रफ्तार से कोरोना बढ़ रहा है, उसे देखते हुए 31 अगस्त तक मरीजों का आंकड़ा 6 हजार से ज्यादा पहुंच सकता है। आलम यह रहा कि एक माह में ही संक्रमितों की रफ्तार छह गुना तक बढ़ गई। इतना ही नहीं, अगस्त के 8 दिनों में ही आंकड़े ने जुलाई में मिले कुल संक्रमितों का 36 फीसद तक की संख्या पार कर ली है। जून में जहां 354 मरीज मिले थे, जुलाई में संक्रमितों में 6 गुना इजाफा हुआ और 2136 पॉजिटिव की पहचान की गई। अगस्त के 8 दिनों में भी संख्या में कमी नहीं दिख रही। इस माह के पहले हफ्ते में ही 788 नए मरीज मिले। नतीजा, डबलिंग रेट बढ़ रहा है। आंकड़े बताते हैं, यदि संक्रमितों के मिलने का सिलसिला यही रहा तो अगस्त के 21 दिनों में ही जुलाई में मिले संक्रमितों की संख्या पार हो जाएगी। अभी तक जिले में 3458 मरीज मिले हैं।
जुलाई की तुलना में 800 नए मरीज बढ़ जाएंगे
संक्रमितों की रफ्तार पर ब्रेक न लगने पर अगस्त के 21 दिनों में ही 2136 मरीज हो जाएंगे। ऐसे में अगस्त के बाकी 9 दिनों में यह संख्या 800 तक जा सकती है। इस तरह अगस्त माह में संक्रमितों का आंकड़ा करीब 3000 होगा, जो अब तक मिले 3458 संक्रमितों के तकरीबन बराबर होगा।
30 दिन में 20 बार 50 से ज्यादा मरीज मिले
जुलाई माह में 20 बार ऐसा हुआ, जब 50 से ज्यादा मरीज मिले। तीन बार 100 से ज्यादा नए मरीजों की पहचान की गई। यानी 30 दिन में 23 बार मरीजों की संख्या बेतहाशा बढ़ी। अगस्त के 8 दिनों में 3 बार 50 से ज्यादा और 4 बार 100 से ज्यादा संक्रमितों की पहचान हुई। महज एक ही बार 3 अगस्त को 44 मरीज मिले। यानी अगस्त में मरीजों के डबलिंग होने की रफ्तार दोगुनी है।
अनजाने में हो रहे संक्रमण के शिकार
डॉ. राजकमल चौधरी ने बताया कि अनजाने में लोग संक्रमण के शिकार हो रहे हैं। पॉजिटिव के संपर्क में आने के बाद भी लोग एहतियात नहीं बरते हैं। जो लोग पॉजिटिव के संपर्क में आए हैं, वे खुद जांच कराएं। नियमों का पालन करें तो संक्रमण कम हो सकता है।
जांच बढ़ने से जिले में बढ़ रहे हैं नए मरीज
मरीजों की बढ़ती रफ्तार से अगस्त के आखिर तक 6 हजार मरीज मिल सकते हैं। सप्ताहभर से जांच में तेजी आई है। इसमें 85 फीसद एसिम्टोमेटिक मरीज हैं। उनमें लक्षण नहीं हैं। जांच से हम मरीजों को बाहर निकाल पा रहे हैं पर संयम रखना होगा। इसे अपनी आदत में शामिल करना होगा, तब ऐसे मरीज भी नहीं मिलेंगे।
-डॉ. हेमशंकर शर्मा, नोडल अफसर, आइसोलेशन वार्ड
अभी बढ़ेगी जांच
मरीजों को ढूंढ़ने के लिए ही जांच बढ़ाई गई है। अभी जांच और बढ़ेगी और संक्रमण पर रोक भी लगेगा।
- डाॅ. विजय कुमार सिंह, सीएस
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق