जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1379 पर पहुंच गई है। जिसमें शुक्रवार जिले में 64 नए मामले मिले। इसके बावजूद लोगों के द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन नहीं किया जा रहा है। जिला प्रशासन के द्वारा लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकले तथा बाहर निकलते समय मुंह पर मास्क लगाकर सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करें।
लेकिन लोग सोशल डिस्टेंस की धज्जियाँ उड़ा कर बाजारों में खरीदारी करते नजर आ रहे हैं। इस बाबत एसीएमओ डॉ.कृष्ण मुरारी प्रसाद सिंह ने बताया कि शेखोपुरसराय प्रखंड से 11, अरियरी से 27, घाटकुसुम्भा से 11, बरबीघा से 7, जबकि सदर पीएचसी से मात्र एक संक्रमित पाया गया है। जिले में 719 कोरोना संक्रमितों ने कोरोना पर जंग जीती है। जबकि 658 एक्टिव मरीजों का इलाज बेहतर चिकित्सकों के द्वारा किया जा रहा है।
बाजार में उमड़ रही भीड़
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये जिला प्रशासन सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील कर रहा है। लेकिन, कटरा बजार में स्थित सब्जी मंडी में हर रोज सोशल डिस्टेंसिंग की खुलेआम धज्जियां उड़ायी जा रही हैं। आलम यह है कि हर रोज मंडी में सैकड़ो की भीड़ उमड़ रही है और जिसे सोशल डिस्टेंसिंग का रख्याल नहीं है। कई लोग तो मास्क तक लगाने से भी परहेज कर रहे है। स्वतंत्रता दिवस पर झंडे व अन्य सामानों की खरीदारी को लेकर बाजारों में भीड़ है।
सभी दुकानदारों से कोरोना का टेस्ट कराने की अपील की जा रही है
जिले के द्वारा प्रखंड में ग्रामीण स्तर पर लगातार कोरोना संक्रमण में बढ़ोतरी हो रही है जिसको लेकर बीडीओ सुनील कुमार सिंह, सीओ भाग्य नारायण राय, मुखिया दयानंद चौधरी के पहल पर पूरे बाजार को सील कर दिया गया है। साथ ही उन लोगों के द्वारा दुकान-दुकान जाकर सभी दुकानदारों को कोरोना से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए कोरोना टेस्ट कराने की अपील कर रहे हैं।
ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में आने से पहले ही लोग सचेत हो सके। इसके साथ दुकानों के आगे रस्सी बांधकर ग्राहकों के बीच सोशल डिस्टेंस बनाने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही लगातार विभिन्न स्थानों को संक्रमण से बचाव को लेकर सेनेटाइज किया जा रहा है।
काउंटर पर उड़ रहीं सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां
जिले के आरटीपीएस काउंटर पर जमकर सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ाई जा रही है इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के अनुपालन को लेकर किसी प्रकार की पुलिस बल की भी तैनाती नहीं की गई है। इसके कारण लोग बिना मास्क के ही जाति, आवासीय, आय सहित अन्य प्रमाण पत्र बनाने के लिए लाइन में एक दूसरे से चिपक कर खड़े हैं।
गौरतलब है कि जिले के विभिन्न कॉलेज व स्कूलों में इंटरमीडिएट का नामांकन शुरू हो गया है। जिसको लेकर छात्र-छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता पड़ रही है। कोरोना काल में सभी छात्र-छात्राएं संक्रमण को भूलकर जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए एक जगह इकट्ठा होकर लाइन में लगे हुए हैं। वहीं सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन को लेकर किसी प्रकार का पहल नहीं की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق