सुईया थाना क्षेत्र अंतर्गत भलुआ गांव में सोमवार को फांसी की फंदे से लटककर एक 15 वर्षीय लड़की ने आत्महत्या कर ली। मृतका गांव के मुसहर यादव की पुत्री सिंधु कुमारी बताई गई है।
जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष देवेंद्र राय, अनि हरेंद्र शर्मा ने छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। पुलिस के अनुसार उक्त युवती का शव परिजनों द्वारा फांसी के फंदे से उतारकर घर के बरामदे में रखा गया था। मृतका के परिजन गांव के प्रसादी यादव के पुत्र बिनोद यादव पर युवती की हत्या कर फांसी के फंदे से लटकाने की बात कह रहे थे। परिजनों का कहना है कि उन्होंने हत्या करने के बाद बिनोद को घर से भागते हुए देखा था।
हालांकि अंतिम समाचार संकलन तक परिजनों द्वारा सूईया थाना में कोई आवेदन नहीं दिया गया था। फिलहाल सुईया पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इधर घटना को लेकर ग्रामीण दबी जुबान से चर्चा कर रहे कि पूर्व के विवाद को लेकर मृतका के परिजन आत्महत्या को हत्या कह पड़ोसी पर झूठा आरोप लगा रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment