राजधानी के बैरिया में बन रहे अंतरराज्यीय बस टर्मिनल का निर्माण लगभग पूरा हाे गया है। इसी महीने इसके फेज वन को शुरू करने का लक्ष्य है, जिसका मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा उद्घाटन की संभावना है। नगर विकास विभाग के सचिव आनंद किशोर ने बताया कि 339 करोड़ की लागत से बनने वाले इस बस टर्मिनल का बेहतर और व्यवस्थित ढंग से संचालन अंतरराज्यीय बस टर्मिनल सोसाइटी करेगी।
सोसाइटी के शासी निकाय के अध्यक्ष नगर विकास के प्रधान सचिव/सचिव होंगे। पटना के प्रमंडलीय आयुक्त और डीएम उपाध्यक्ष होंगे। सदस्य सचिव के रूप में बुडको के प्रबंधक निदेशक, परिवहन विभाग और पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव/सचिव या उनके द्वारा मनाेनीत संयुक्त सचिव स्तर के प्रतिनिधि, एसएसपी, ट्रैफिक एसपी, नगर आयुक्त और क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के सचिव होंगे। बैठक सामान्यत: तीन माह के अंतराल पर होगी। हर वर्ष में कम से कम एक बैठक अवश्य होगी।
कार्यकारिणी के अध्यक्ष होंगे डीएम
सोसाइटी समय-समय पर कार्यान्वित होने वाली योजनाओं, कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा करेगी। वार्षिक कार्ययोजना और वार्षिक आय-व्यय की स्वीकृति देगी। सोसाइटी की एक कार्यकारिणी समिति होगी जिसके अध्यक्ष पटना के डीएम होंगे। सोसाइटी यातायात प्रबंधन, बसों का संचालन और आईएसबीटी के अनुश्रवण संबंधित सभी कार्य देखेगी।
वहां निर्मित होने वाले वाणिज्यिक परिसर में सभी दुकानों और अन्य परिसंपत्तियों के आवंटन से संबंधित सभी कार्य देखेगी। पेयजल, प्रदर्शन कक्ष, प्रतीक्षालय आदि का संपोषण और अनुश्रवण से संबंधित कार्य करेगी। सुरक्षा प्रबंधों जैसे सीसीटीवी, अग्निशामक यंत्रों, आपातकालीन निकास मार्गो की सुरक्षा, संचालन तथा अनुश्रवण का काम भी सोसाइटी के जिम्मे ही होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق