वर्षों का इंतजार खत्म होने वाला है। भारत सरकार की ओर से भारत-नेपाल मैत्री ट्रेन के लिए निर्धारित कंपनी कोंकण रेलवे 18 सितंबर को जयनगर से जनकपुर नेपाल के बीच डीएमयू लेकर जाएगी। हालांकि ट्रेन पर यात्री सवार नहीं हाे सकेंगे। भारत-नेपाल के बीच चलने वाली दो नई डीएमयू ट्रेन आज जयनगर स्थित नेपाली स्टेशन पर पहुंचेगी।

वहीं, शुक्रवार की सुबह ट्रेन नेपाल के जनकपुर के लिए प्रस्थान करेगी। साथ ही देर शाम तक ट्रेन पुनः जयनगर लौट आएगी। इस दौरान ट्रेन में रेलवे के अधिकारी ही मौजूद रहेंगे। स्थानीय अधिकारियों की मानें तो नेपाली स्टेशन के प्लेटफॉर्म दो पर ट्रेन खड़ी होगी। जयनगर-वर्दीवास रेलखंड के लिए भारतीय रेल ने दो डीएमयू आवंटित किया है।

दोनों ट्रेन हाजीपुर में पिछले 12 मई से ही लगी हुई है। पहली बार ट्रायल के रूप में यात्री ट्रेन जाने के बाद भारत को उम्मीद है कि नेपाल सरकार रेलखंड पर यात्रियों से भरी ट्रेन को चलाने की हरी झंडी दे देगी। नेपाल से हरी झंडी मिलने के बाद ट्रेन रोजाना भारत से नेपाल के बीच चलने लगेगी।

9 स्टेशन और 5 हॉल्ट बनाए गए, 142 पुल का हुआ निर्माण

जयनगर, इनरवा, खौजली, वेदही, कुर्था, सिंघराही, पिपराही, विजलपुरा और वर्दीवास काे स्टेशन बनाया गया है जबकि महिनाथपुर, जनकपुर, लोहरपट्टी रामनगर, परवाह को हाॅल्ट बनाया गया है। 64 किमी लंबी रेलखंड पर कुल 19 बड़े व 123 छोटे पुल बनाए गए हैं। कुल 142 पुलों का निर्माण हुआ है। वहीं, विजलपुरा तथा वर्दीवास रेलखंड पर भूमि अधिग्रहण नहीं होने से निर्माण शरू नहीं हुआ है। रेलखंड पर तीन फेज में परिचालन होगा। पहले फेज में जयनगर से कुर्था तक 34 किमी, दूसरे फेज में कुर्था से विजलपुरा तक 17 किमी व तीसरे फेज में विजलपुरा से वर्दीवास के बीच ट्रेन सेवा बहाल होगी।

नेपाल सरकार ने निकाली वैकेंसी
नेपाल सरकार ने रेलवे के लिए वैकेंसी निकाली है। इनमें शाखा अधिकृत, कानून अधिकृत, स्टेशन मास्टर, सब इंजीनियर, सहायक स्टेशन मास्टर, प्रमुख प्रशासन सहायक, कम्प्यूटर ऑपरेटर, टिकट कलेक्टर, टीटीई समेत 29 पद शामिल हैं। रेलवे सूत्रों ने बताया कि फिलहाल कोंकण ही ट्रेन को चलाएगी। साथ ही, नेपाली कर्मियों को ट्रेन चलाने को लेकर प्रशिक्षण भी देगी। जब नेपाली कर्मी ट्रेंड हो जाएंगे तो खुद से ट्रेन चलाएंगे। जयनगर-वर्दीवास ट्रैक पर ट्रेन चलने की खबर से सीमावर्ती व नेपाल के तराई क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
जयनगर-वर्दीवास रेलखंड पर खड़ी डीएमयू। (फाइल फोटो)

Post a Comment