आधार केंद्र संचालक के बेतुके फरमान से बुधवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित आधार केंद्र में गहमागहमी की स्थिति बन गई। आधार कार्ड बनवाने पहुंचे लोगों को केन्द्र संचालक तनवीर आलम ने कहा कि आपलोगों का आधार कार्ड नहीं बन सकता। इसके लिए आवेदन पर एमपी, एमएलए या फिर किसी गजेटेड अधिकारी से अनुशंसा करवा कर लाइए। आधार कार्ड में सुधार के लिए भी केंद्र संचालक ने ऐसी ही शर्त रख दी। मामला बुधवार का है। वहां मौजूद लोग परेशान हो उठे।
हो हल्ला होता देख वहीं से किसी ने इसकी सूचना बीडीओ श्रीराम पासवान को दी। शिकायत मिलते ही माैके पर पहुंचे बीडीओ ने लोगों से उनकी समस्या पूछी और फिर केंद्र के संचालक तनवीर आलम को जमकर फटकार लगाई। हिदायत दी कि नियमसंगत कार्य करें अगर दोबारा शिकायत मिली तो लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। इसके बाद लोग शांत हुए और आधार कार्ड निर्माण और सुधार का काम शुरू हो सका।
कार्ड बनवाने के लिए 50 रुपए अधिक की मांग
वहां मौजूद लोगों ने बताया कि केंद्र संचालक ने दो तीन लड़कों को यहां रखा है जो आधार कार्ड बनवाने वालों से 50 रुपए अधिक की मांग करते हैं। नहीं देने पर अनर्गल बहाना व नियम बताने लगते हैं। पटेशरी पंचायत से आधार कार्ड बनाने आयए मो. रजाक, मो. महीफुद्धीन, जालमिलिक से पहुंचे मो. जियाऊर, मो. कलीमुद्दीन आदि दर्जनों लोगों ने बताया कि आधार केंद्र संचालक तनवीर आलम द्वारा आधार कार्ड बनाने के लिए एमपी, एमएल या ग्रेजुएट अधिकारी द्वारा अनुशंसा युक्त आवेदन की मांग की जा रही है। संचालक कहता है कि यह देने के बाद नया आधार कार्ड या पुराने में सुधार किया जा सकता है। चुनावी माहौल में हमलोग कहां से ये काम कर सकते हैं।
परेशान होकर लौट रहे हैं लोग
आधार कार्ड बनाने या सुधार के लिए प्रत्येक दिन विभिन्न पंचायतों से सैकड़ों लोग सुबह आठ बजे से आधार केंद्र पर जुटने लगते है। उसके बाद दोपहर तक परेशान होकर वापस चले जाते हैं। केन्द्र संचालक तनवीर आलम का कहना है कि एक दिन में अधिकतम चालीस लोगों का ही कार्य हो पाता है। बचे लोगों को दूसरे दिन आने के लिए टोकन दिया जाता है।
ताकि उनका कार्य पहले किया जा सके। लेकिन उसके बाद भी लोगों का जमावड़ा लगता है। जिसके कारण मुझे भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके लिए प्रखंड मुख्यालय से एक गार्ड की तैनाती की गई है। उन्होंने अधिक पैसा लिए जाने की बात से इंकार किया।
नहीं हो रहा नियमों का पालन
आधार केंद्र में जुटने वाली भीड़ में कुछ लोग ही मास्क पहने नजर आते हैं। सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की धज्जियां उड़ते यहां देखी जा सकती है। हाट बाजारों में मास्क नहीं पहनने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है पर प्रखंड मुख्यालय में स्थित आधार केंद्र में नियमों की अनदेखी की जा रही है।
लाभुक का नाम, पता सही हो वो कागजात मान्य होगा
संचालक को फटकार लगाते हुए दुबारा शिकायत मिलने पर लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही केंद्र पर सोशल डिस्टेंसिंग सहित अन्य प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करवाने का निर्देश दिया गया है। आधार कार्ड में सुधार के लिए अन्य कागजात जिनमें लाभुक का नाम, पता सही हो वो मान्य होगा। जैसे वोटर आई कार्ड, पेन कार्ड, बैंक पासबुक आदि। शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र, पांच से 15 वर्ष के किशोर के विद्यालय का कोई दस्तावेज संग आधार कार्ड बनाने के लिए उक्त व्यक्ति का राशन कार्ड, वोटर आई कार्ड, पैन कार्ड आदि के आधार पर बनाया जा सकता है। जिनके पास कोई कागजात नहीं है या खो गया है उनके लिए गजेटेड अधिकारी का हस्ताक्षर युक्त आवेदन मान्य होगा।
-श्रीराम पासवान, बीडीओ
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment