मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 15 साल पहले बिहार में क्या था, यह लोगों से छुपा नहीं है। पुराने दिनों को याद करें बिहार में लूट, नरसंहार, अपहरण हुआ करता था। पहले जंगलराज था, अब कानून का राज है। सीएम बुधवार को सारण, मोतिहारी और वैशाली में सभा को संबोधित कर रहे थे। कहा कि राज्य और केंद्र ने मिलकर न्याय के साथ बिहार का विकास किया है। अपराध का ग्राफ गिरा है।
बिहार की विकास दर 12.80% है। सड़कें बनवाई, स्कूल बनवाए, छात्र-छात्राओं के लिए पोशाक, साइकिल, छात्रवृत्ति योजना दी। जीविका संगठन से एक करोड़ 20 महिलाएं जुड़ चुकी हैं। मध्य विद्यालय और हाईस्कूल में लड़काें के बराबर लड़कियाें की संख्या हो गई है।
50 प्रतिशत महिलाओं को जनप्रतिनिधि बनने का मौका मिला, हर विभाग में महिलाएं की भागीदारी हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बिहार का बजट 24 हजार करोड़ से भी कम था, हम लोगों ने उसे बढ़ाकर 2 लाख करोड़ रुपए किया। परसा की सभा में ऐश्वर्या राय का मुद्दा उठाया। कहा कि पढ़ी-लिखी लड़की के साथ गंदा व्यवहार हुआ है। मंच पर ऐश्वर्या भी मौजूद थीं।
युवाओं को तकनीकी ट्रेनिंग देकर स्वरोजगारी बनाएंगे
मुख्यमंत्री ने 15 साल में हुए विकास कार्यों की गिनती कराते हुए कहा कि अगर दाेबारा मौका मिला तो युवाओं को टेक्नोलॉजी का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगारी बनाएंगे। अगली सरकार बनी तो नियमित बिजली के लिए सोलर लाइट की व्यवस्था की जाएगी। दस पंचायताें पर एक पशु चिकित्सालय खोला जाएगा। साथ ही दवा की निःशुल्क व्यवस्था राज्य सरकार करेगी। केन्द्र की मदद से सभी मुख्य बाजारों को बाइपास से जोड़ा जाएगा।
9 को लालू की रिहाई, 10 को नीतीश की विदाई
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जहां भी जाते हैं, पूर्व की सरकार में जंगलराज तथा अपनी सरकार में अपराध पर नियंत्रण का राग अलापते रहते हैं। मैं उनको बताना चाहता हूं कि यदि उन्हाेंने बिहार के स्वास्थ्य, शिक्षा व बेरोजगारी पर काम किया हाेता तो अपराध नियंत्रित हो जाता। जिन लोगों को रोजगार मिलता वे कभी मुख्यधारा से अलग नहीं जाते। सात निश्चय योजना में लूट मची है। तेजस्वी ने कहा कि अब बिहार बदलाव चाहता है, इसलिए एक बार महागठबंधन को मौका दें।
तेजस्वी बुधवार को रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और पटना जिले के मसौढ़ी में सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शराबबंदी को विफल बताते हुए कहा कि इनके द्वारा शराब को जिला से पंचायतों तक पहुंचाया गया। शराब बिक्री में सरकार को बड़ी राशि राजस्व के रूप में आती थी लेकिन अब यह राशि इनके विधायक, मंत्री और कार्यकर्ताओं की जेब में पहुंच रही है। तेजस्वी ने दावा कि अब सरकार के जाने का समय आ चुका है। 9 नवंबर को मेरा जन्मदिन है, इसी दिन लालू जी की रिहाई होगी तथा 10 को नीतीश कुमार की विदाई भी होगी।
मेरे पीछे छोड़े 20 हेलीकॉप्टर, अकेले ही संभाल रहा हूं मोर्चा
तेजस्वी ने कहा कि मैं आपके बीच कोई पकाऊ भाषण नहीं देने आया हूं। मेरे पास समय कम है। एनडीए और बीजेपी वालों ने 20 हेलीकॉप्टर पीछे छोड़ दिया है। पूरी केन्द्रीय टीम बिहार चुनाव में उतर चुकी है। वे लोग मेरे पीछे जगह-जगह हेलिकॉप्टर से सभा कर रहे हैं। मैं अकेला ही मोर्चा संभाला हूं। इसलिए आपका सहयोग चाहिए। क्योंकि आपके सहयोग के बिना मैं आगे नहीं बढ़ सकता। मुकाबला भी कर रहा हूं तो इसमें आपका सहयोग और आशीर्वाद है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment