रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि बिहार में भाजपा-जदयू की दोस्ती सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग जैसी ओपनर जोड़ी है। जाे अटूट है, टूटेगी नहीं। उन्होंने कहा कि राजग नीतीश कुमार के नेतृत्व में बचे काम को पूरा करेगा। राजनाथ बुधवार को भागलपुर, भोजपुर और कैमूर में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भी थे।
कहा कि देश को रफाल जैसे मारक जेट फाइटर देने वाले देश के पहले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह हैं। राजनाथ ने कहा कि मोदी सरकार जो कहती है, उसे पूरा करती है। हमने धारा 370 हटाने की बात कही थी, उसे पूरा किया। राम मंदिर बनाने की बात कही, वह बन रहा है। तीन तलाक के विरुद्ध कानून लाकर मुस्लिम समुदाय की महिलाओं को न्याय दिलाया।
माेदी सरकार ने सबसे पहले देश के सभी लोगों का खाता खुलवाकर उसे बैंकिंग प्रक्रिया से जोड़ा। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार कहती थी कि एक रुपए में 25 पैसा ही लोगों तक पहुंचता है, लेकिन हमारी सरकार ने सीधा लाभुक के खाते में पैसा भेजकर जनता काे शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाया।
भाजपा जात-पात की राजनीति नहीं करती है। कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि 70 वर्ष अगर दूसरी पार्टी काम की होती तो आज देश विश्व का श्रेष्ठ देश होता। बिहार में लालू-राबड़ी के शासनकाल पर कहा कि अब बिहार में पर्याप्त बिजली मिल रही है। ऐसे में लालटेन की क्या जरूरत है।
आरके सिन्हा बोले-यह चुनाव वंशवाद-उग्रवाद और विकास-राष्ट्रवाद के बीच
भाजपा के वरीय नेता आरके सिन्हा ने कहा कि यह चुनाव वंशवाद-उग्रवाद और विकास-राष्ट्रवाद के बीच है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सही कहा है कि भाकपा माले ने राजद को हाईजेक कर लिया। वाकई, जिस माले का कोई अस्तित्व नहीं रह गया था, उसको राजद ने जरूरत से ज्यादा सीटें दीं।
यह तो उग्रवाद को बढ़ाने की ही कार्रवाई है। लालू के शासन में जिस तरह नक्सलवाद फैला, नरसंहार बढ़ा, वह सबने देखा है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की भी बातें सही हैं कि हम विकास की बात करते हैं मगर महागठबंधन के लोग जाति व वंशवाद की बात करते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment