धनरुआ थाने के छाती गांव में अपनी मां के साथ घर के आंगन में खटिया पर सो रही 18 वर्षीया युवती शोभा कुमारी की शनिवार की देर रात गोली मार कर हत्या कर दी गई। इधर, पुलिस इसे ऑनर किलिंग का मामला बता युवती के भाई बबलू यादव और उसकी मां जयंती देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, युवती के भाई ने इस घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है।
पुलिस को दिए बयान में युवती के भाई बबलू यादव ने कहा कि शनिवार की रात वह अपने कमरे में सो रहा था, जबकि उसकी मां और बहन घर के आंगन में एक ही खटिया पर सोई थीं। घर में उनके अलावा और कोई नहीं था। उसके पिता महेश यादव और छोटा भाई उस वक्त अपने ट्रक में पभेड़ी मोड़ पर सोए थे। इस बीच देर रात दरवाजे से अज्ञात बदमाश घर में घुसे और उसकी बहन की गोली मार कर हत्या कर दी।
बदलते बयानों से संदेह के घेरे में परिजन
पुलिस का कहना है कि युवती के भाई बबलू और मां बार-बार बयान बदल रही है। बबलू से जब यह पूछा कि बदमाश घर में कैसे दाखिल हुए तो बताया कि दरवाजा खुला था। इस बयान से शक गहराया। थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा लगता है। सूत्रों की मानें तो युवतती का प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर घर में अक्सर उसकी पिटाई होती थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق