भोजपुर जिले में छठ महापर्व होने वाले स्थानों पर आयोजित होने वाले छठ पूजा के दौरान मेले के आयोजन पर प्रशासन ने प्रतिबंध लगा दिया है। ऐसा कोविड-19 की रोकथाम के लिए किया गया है।
वही छठ घाट पर 60 वर्ष से ऊपर और 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे को जाने पर रोक के साथ बीमार लोगों को भी नहीं जाने की सलाह दी गई है। उक्त निर्णय रविवार को कलेक्ट्रेट में डीएम रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया है। बैठक में डीएम ने सभी अफसरों को निर्देश दिया है, कि पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से आयोजन कराने के लिए सभी स्थानों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस बलों की तैनाती की जाए। कोविड-19 की रोकथाम को ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार कराया जाए। वही मेले के दौरान साफ सफाई, रोशनी, चिकित्सा और परिवहन की व्यवस्था पर भी खास ध्यान रखा जाए। छठ व्रतियों से तालाब, नदी या पोखरे में डुबकी नहीं लगाने का भी अनुरोध किया गया है। डीएम ने ज्यादा से ज्यादा लोगों को घरों में ही छठ व्रत करने की अपील की है। बैठक में एसपी हरि किशोर राय और एडीएम कुमार मंगलम समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।
ज्यादा से ज्यादा छठ व्रतियों से घरों में ही पूजा करने का प्रशासन ने किया अनुरोध
छठ के दौरान प्रशासन को बरतनी होगी सतर्कता
बेला उर में छठ पूजा के अवसर पर शाहाबाद के 4 जिलों समेत पटना अरवल जहानाबाद के साथ-सथ झारखंड व उत्तर प्रदेश से भी छठ व्रत करने श्रद्धालु आते हैं। यहां हजारों छठ व्रतियों की भारी भीड़ उमड़ती है। यह जिले में एकमात्र ऐसा जगह है, जहां सबसे ज्यादा भीड़ छठ करने के लिए लोगों की एकत्र होती है। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन को यहां अलर्ट रहना जरूरी है।
छठ पूजा के संचालन के लिए 25 सदस्यीय कमिटी बनी, कोरोना से बचाव के निर्देशों का पालन करने की लोगों से की गई अपील
भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड क्षेत्र स्थित बेला उर सूर्य मंदिर के प्रांगण में होने वाले छठ पूजा के दौरान छठ व्रतियों को कोविड-19 के सभी नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। इसका अनुरोध श्री मौनी बाबा सूर्य मंदिर विकास समिति ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा रविवार को आयोजित बैठक में की गई है। बैठक में सदस्यों ने आम सहमति के आधार पर कहा कि छठ पूजा के दौरान बेला उर में उमड़ने वाले हजारों छठ व्रतियों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन के द्वारा भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जाएं। पूजा को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए 25 सदस्यों की कमेटी का गठन किया गया। कमेटी के द्वारा मीडिया प्रभारी के रूप में मिंटू चौधरी और राहुल चौधरी का चयन किया गया। सभी सदस्यों ने शांतिपूर्वक आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ पूजा का आयोजन करने के लिए आम लोगों से सहयोग करने की भी अपील की। मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष मधेश्वर शर्मा, सचिव संटू चौधरी, कोषाध्यक्ष त्रिवेणी चौधरी, चंद्रमा चौधरी, रामजी चौधरी, अंजनी कुमार चौधरी, विजय राय, देवेंद्र चौधरी उर्फ गामा और हरेंद्र चौधरी समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Post a Comment