दाउदनगर के बाइक शो-रूम के मालिक को गोली मारकर 20.85 लाख लुटने वाले चार लुटेरों को एसआईटी ने धर दबोचा है। सभी की गिरफ्तारी अलग-अलग ठिकानाें से की गई है। पुलिस ने उनके पास से लूट के 3 लाख 71 हजार 500 रुपए, एक स्कॉर्पियो, एक बाइक व एक मोबाइल फोन जब्त किया है। इसका खुलासा रविवार को एसपी दीपक बरनवाल ने की। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार लुटेराें में दाउदनगर थाना क्षेत्र के बिगन बिगहा गांव निवासी पप्पू यादव उर्फ घमंडी यादव, ओबरा थाना क्षेत्र के कुशा गांव निवासी गुड्डू उर्फ रोहित कुमार, बारूण थाना क्षेत्र के पंडित बिगहा गांव निवासी नीतीश कुमार उर्फ नीतीश यादव उर्फ पिंटू शामिल है। एसपी ने बताया कि उक्त सभी लुटेरा अंतरजिला अपराधी हैं। जिले के अलग-अलग थानों में भी उनके खिलाफ मामला दर्ज है। पुलिस सभी मामलों के बारे में तहकीकात कर रही है। इस घटना में शामिल तीन अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। प्रेस वार्ता में एएसपी अभियान राजेश कुमार सिंह, दाउदनगर एसडीपीओ राजकुमार तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।
कई सफेदपोश का नाम हो सकता है उजागर, रुपए समेत कई सामान बरामद
प्रेस वार्ता करते एसपी दीपक बरनवाल व शामिल अन्य।
एसआईटी ने ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद लुटेरों काे दबोचा,
बाईक शो-रूम के मालिक प्रवीण कुमार का पूर्व चालक इस घटना का लाईनर था। तीन माह पहले उक्त चालक को कारोबारी द्वारा फटकार लगाकर नौकरी से हटा दिया गया था। जिसके बाद नाराज होकर उक्त चालक ने लूट योजना के मुख्य साजिशकर्ता अजीत को बताया। इसके बाद लुटेरों ने घटना की पूरी साजिश रची। घटना के पूर्व लुटेरों ने बकायदा उसका रेकी किया। इसके बाद घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद एसपी दीपक बरनवाल ने तत्काल दाउदनगर एसडीपीओ राजकुमार तिवारी के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया। जिसके बाद एसआईटी ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर अपराधियों तक पहुंची। फिर अलग-अलग ठिकानों से इन्हें धर दबोचा।
गुड्डू ने बाइक शो-रूम के मालिक को मारी थी गोली, दाउदनगर में लेवी वसूलने की थी योजना
16 सितंबर को करीब डेढ़ बजे बाइक शो-रूम के मालिक को पांच अपराधियों ने गोली मारकर 20.85 लाख लूट लिया था। व्यवसायी को ओबरा थाना के कुशा गांव निवासी गुड्डू उर्फ रोहित ने गोली मारी थी। पुलिस के हत्थे चढ़े गुड्डू ने पूछताछ में बताया कि व्यवसायी को इसलिए गोली मारी थी कि लूटकर आसानी के साथ भाग सकें। साथ ही एक बड़े कारोबारी को गोली मारकर पैसा लूटने के बाद दाउदनगर इलाके में दहशत फैल सके। ताकि उसके बाद उस इलाके के बड़े कारोबारियों से रंगदारी व लेवी वसूला जा सके। इसके लिए उक्त गैंग ने कई घटनाओं को अंजाम देने के लिए ब्लू प्रिंट तैयार भी कर चुका था। इसी कड़ी में इस घटना को अंजाम दिया। लेकिन एसअाईटी ने ताबड़तोड़ छापेमारी के बाद अपराधियों को धर दबोचा और उनके नापाक मंसूबों पर पानी फेर दिया। इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस के रडार पर कई सफेदपोश
पुलिस के हत्थे चढ़े लूटकांड के अपराधियों को जिले व दाउदनगर इलाके के कुछ सफेदपोश संरक्षण देते थे। पूछताछ में अपराधियों ने इसका खुलासा किया है। जिसके बाद कई सफेदपोश पुलिस के रडार पर आ चुके हैं। पुलिस अब उन सफेदपोशों पर पैनी नजर रखकर उन्हें दबोचने के लिए तथ्यों को इकट्ठा कर रही है। ताकि उन्हें दबोचने के बाद उन्हें कोई मौके न मिले। लुटेरों ने बताया कि उनका गैंग सूबे के कई जिलों में फैला हुआ है। जो लूट, छिनतई, रंगदारी व हत्या जैसे अपराध को अंजाम देता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
إرسال تعليق