भोजपुर से गुजरने वाली आरा-डिहरी मुख्य नहर से निकलने वाली डिलिया नारायणपुर वितरणी के समीप स्थित बाघी नदी पर ध्वस्त साइफन के निर्माण का मार्ग अब प्रशस्त हो गया है। सोन नहर प्रमंडल आरा ने एक करोड़ 46 लाख की लागत से साइफन के निर्माण कार्य का प्राक्कलन बनाकर प्रशासनिक स्वीकृति के लिए बुधवार को विभाग के पास भेज दिया। बाघी नदी पर बने साइफन के ध्वस्त हो जाने से आसपास के लगभग एक दर्जन गांव में सिंचाई का कार्य बाधित होने लगा था। जिस कारण सैकड़ों हेक्टेयर में खड़ी फसल पर संकट के बादल मंडराने लगे थे। इसके बन जाने से प्रखंड क्षेत्र के बड़गांव, डिहरा, बड़गांव वन टोला, गोड़िया, चासी, बनौली, कुर्मीचक, अहिले, खनेट, बारा व बरतिया समेत कई गांवों के सैकड़ों किसानों को लाभ मिलेगा। इसे गंभीरता से लेते हुए सोन नहर प्रमंडल आरा के अफसरों द्वारा इन गांव में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कोईलवर वितरणी के बड़गांव नाले व आहार से किसी तरह पटवन का कार्य कराया जा रहा था। कार्यपालक अभियंता इंजीनियर निवास चंद्र वर्मा ने बताया कि विभाग से प्रशासनिक व तकनीकी स्वीकृति प्राप्त हो जाने के बाद निविदा की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नए वित्तीय वर्ष में ध्वस्त साइफन का निर्माण कार्य प्रारंभ होने और पूरा हो जाने कि बात उन्होंने कही। बता दें कि अगिआंव सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रभुनाथ प्रसाद और विधान पार्षद राधाचरण साह ने विधानसभा में ध्वस्त साइफन के निर्माण को लेकर प्रश्न उठाया था। उसके बाद विभाग हरकत में आया और निर्माण कार्य की दिशा में कवायद तेज हो गई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

Post a Comment