जिला अतिथि गृह में प्रमंडलीय आयुक्त डॉ. सफीना एएन की अध्यक्षता में जल जीवन हरियाली, 19 जनवरी को आयोजित राज्यव्यापी मानव श्रृंखला के साथ-साथ मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर समीक्षात्मक बैठक की गई। समीक्षा बैठक के दौरान प्रमण्डलीय आयुक्त ने प्रमंडल के चारों जिले के अधिकारियों से उनके जिले में मानव शृंखला की तैयारी का जायजा लिया। मानव शृंखला में सभी स्कूल के कक्षा 5 से ऊपर के बच्चे भाग लेंगे। प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी जिले के जिलाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ठंड के समय में मानव शृंखला के आयोजन के समय में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। इसके लिए पहले से ही सभी इंतजाम होने चाहिए। आपात स्थित को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध हो। जिलाधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि 19 जनवरी 2020 को जिले में 500 किमी लंबी मानव शृंखला होगी, जो पिछले वर्ष 2018 में यह 396 किमी की तुलना में 104 किमी ज्यादा ज्यादा होगी। मानव शृंखला पटना से आने वाले रास्ते के बायीं तरफ बनाई जाएगी। मानव शृंखला के सफल निर्माण के लिए प्रत्येक 200 मीटर पर 1 सब सेक्टर इंचार्ज, प्रत्येक एक किमी पर सेक्टर एवं प्रत्येक 5 किमी पर जोनल पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया जाएगा। शिक्षा विभाग की चार टीम 20 दिसंबर से पंचायतों में नुक्कड़ नाटक से लोगों को मानव शृंखला से जुड़ने का आह्वान करेंगे।

मानव शृंखला के आयोजन में ठंड में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत, पहले से पूरे हों इंतजाम : प्रमंडलीय आयुक्त

जिला अतिथि गृह में प्रमंडल के चारों जिले के डीम के अलावा प्रमंडल और जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करतीं प्रमंडलीय आयुक्त।

केरल मॉडल प्लान से पौधा संरक्षण का दिया निर्देश

जल जीवन हरियाली अभियान की समीक्षा के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने ज्यादा से ज्यादा फलदार वृक्ष लगवाने का निर्देश देते हुए लक्ष्य से ज्यादा पौधा संरक्षित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हरेक विद्यालय में समय से पौधा पहुंचना है ताकि पौधे को संरक्षित किया जा सके। बैठक के दौरान अररिया डीएफओ ने बताया कि अररिया में पर्याप्त जमीन है और पौधे की राशि के लिए अधियाचना की गई है। प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी जिलाधिकारी को केरल मॉडल प्लान से घर के कचरे से जैविक खाद का निर्माण कर पौधा को संरक्षित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य को पूरा करने के लिए मनरेगा के माध्यम से पौधा विकसित किया जाय। साथ ही साथ उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा पौधा लगाने की अपील की।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर चयनित स्थल का सही से हो सौंदर्यीकरण

मुख्यमंत्री के जल जीवन और हरियाली यात्रा को लेकर प्रमण्डलीय आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिस स्थल का चयन किया गया है, उस स्थल पर अच्छे से सौंदर्यीकरण का कार्य होना चाहिए। साथ ही उस स्थल पर मॉडल प्लान का लेआउट भी होना चाहिए ताकि समझने में आसानी हो। पूर्णिया जिलाधिकारी ने बताया कि धमदाहा प्रखंड के रूपसपुर खगहा में मुख्यमंत्री के आगमन के लिए जगह का चयन किया गया है, वहां सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है।कटिहार जिलाधिकारी ने बताया कि कटिहार जिले के रौतारा के पास स्थल चिह्नित किया गया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Araria News - deployment of si at 200 m on the left side of the road

Post a Comment