पटना.जदयू ने नीतीश हटाओ नारा लगाने वालों से बिहार में उनके शासनकाल में हुए काम का हिसाब मांगा है। शुक्रवार को पटना पहुंचने के साथ ही जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री पद पर कोई वैकेंसी नहीं है। नीतीश कुमार से प्रतिबद्धता और विजन किसी दूसरे के पास नहीं है। एनडीए भारी बहुमत से चुनाव जीतेगा। जदयू अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग आज नीतीश हटाओ का नारा लगा रहे हैं वे अपने शासन में हुए काम का हिसाब दें ताकि जनता नीतीश कुमार के शासन के साथ उसकी तुलना कर सके। नीतीश कुमार ने लालू-राबड़ी के राज को खत्म करके बिहार की सेवा का बीड़ा उठाया था। बिहार के लोगों ने देखा है कि राजद के शासन के दौरान कैसे राज्य में एक जगह से दूसरे जगह की दूरी किलोमीटर की बजाए घंटों में मापी जाती थी। नीतीश ने बिहार में पूरी तस्वीर बदल दी। नीतीश ने बिहार में बिजली दी, गांवों को सड़क से जोड़ा, शैक्षणिक क्षेत्र का विस्तार किया। सामाजिक जागरुकता का अभियान चला रहे हैं। कुछ लोगों को तरह-तरह का दावा करने में ही खुशी मिलती है।


एनडीए में कोई विवाद नहीं :

जदयू अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में नीतीश के नेतृत्व में एनडीए ने जबरदस्त सफलता हासिल की है। इस गठबंधन ने जिस तरह आपसी मेलजोल के साथ मिल कर समावेशी विकास के लक्ष्य पर काम किया है, वह पूरे देश के लिए एक उदाहरण है। जब हमारा गठबंधन इतना अधिक कामयाब रहा है तब विवाद की बात कैसी? महागठबंधन बेमेल समझौता है। महागठबंधन के नेता अपने-अपने मंसूबों को पूरा करने के लिए इकट्ठा होते हैं। लोकसभा चुनाव में एक साथ लड़े लेकिन हारने के बाद कितने तरह के बयान आने लगे? ऐसे लोग तो एकदूसरे की टांग खींचने में ही लगे रहेंगे। फिर कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि ये लोग कुछ कदम भी एक साथ चल सकेंगे।

संक्रांति के भोज में तेजस्वी को भी कर सकते हैं आमंत्रित
जदयू अध्यक्ष ने कहा कि 15 जनवरी को मकर संक्रांति पर दही-चूड़ा का भोज होगा। इसमें सभी राजनीतिक दलों को आमंत्रण भेजा जाएगा। राजद नेता तेजस्वी यादव को भी आमंत्रित करने पर विचार किया जाएगा। इस आयोजन में राजनेताओं के साथ कार्यकर्ताओं का जुटान होगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
वशिष्ठ नारायण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष, जदयू

Post a Comment