ग्रामीणों को विकास से जोड़ता है ग्राम विकास शिविर

बाढ़ ।
ग्रामीण जनता को समस्याओं से मुक्ति दिलाने, उन्हें न्याय दिलाने तथा वे विकास की विभिन्न योजनाओं से जुड़ें, इसके लिए ग्राम विकास शिविर का आयोजन हो रहा है। यह एक दिन का शिविर है, जहां अनुमंडल एवं प्रखंड के सभी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित हाेते हैं, जो जनता की समस्याओं को सुनते हैं और त्वरित निष्पादन का प्रयास करते हैं। ये बातें बिहारी बीघा पंचायत भवन प्रांगण में ग्राम विकास शिविर का उद्घाटन करते हुए बाढ़ के एसडीएम सुमित कुमार ने कहीं। कार्यक्रम के आयोजक पूर्व मुखिया एवं युवा समाजसेवी रणवीर कुमार सिंह पंकज ने स्वागत किया। बीडीओ कुमारी पूजा ने ग्रामीण जनता के लिए मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना की जानकारी दी। मंच का संचालन शिक्षाविद् प्रोफेसर साधु शरण सिंह सुमन ने किया। शिविर को सीअाे अश्विनी कुमार चौबे सहित अन्य ने संबाेधित किया।

कुंवारी कन्याओं को दी गई विवाह सामग्री

मसौढ़ी ।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विवाह व दहेज उन्मूलन की दिशा में स्वयंसेवी संस्था कन्या विवाह एवं महिला जन कल्याण सोसाइटी की ओर से बुधवार को एक समारोह में आर्थिक रूप से कमजोर दो कुंवारी कन्याओं को विवाह सामग्री दी गई। इस बाबत संस्था के सचिव शैलेश कुमार ने बताया कि उनकी संस्था ग्रामीण कस्बों में रह रहे वैसे लोगों को चिह्नित करती है जिनकी पुत्री की शादी आर्थिक तंगी के कारण नहीं हो पाती है। मौके पर संस्था के कार्यकर्ता कुंदन कुमार मिश्रा, चंदन कुमार मिश्रा, मनोज कुमार, जाप धनरुआ के प्रखंड अध्यक्ष मन्नूलाल, समाजसेवी पिंटू कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे।

पूर्व के केस मंे दो गिरफ्तार

बाढ़
। पंडारक थाने की पुलिस ने थाना क्षेत्र के पूरन बीघा गांव में छापेमारी करते हुए पूर्व के एक केस फरार चल रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष रमन प्रकाश वशिष्ठ ने बताया कि दोनों का नाम राज बल्लभ तथा अनिल हैं। दोनों गिरफ्तार से पुलिस फिलहाल पूछताछ करने में जुटी है। उन्होंने बताया कि करीब दस साल पूर्व रंगदारी का एक केस दर्ज कराया गया था, जिसमें दोनों के विरुद्ध वारंट निर्गत था।

एसडीएम ने रग्बी खिलाड़ी को किया सम्मानित

बाढ़ ।
बाढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी सुमित कुमार ने बाढ़ के नवादा गांव निवासी रग्बी खिलाड़ी स्वीटी कुमारी को सम्मानित किया। वहीं उन्होंने कहा कि यह बाढ़, बिहार तथा देश के लिए गौरव की बात है। यह हम सबाें के लिए गर्व की बात है कि बाढ़ की बेटी को इंटरनेशनल यंग प्लेयर ऑफ द ईयर के खिताब से सम्मानित किया गया है।

शराब बरामद, तीन गिरफ्तार, ऑटो जब्त

बख्तियारपुर ।
स्थानीय पुलिस ने ऑटो से शराब लेकर जा रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ऑटो से शराब ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ऑटो की जांच कर उससे करीब पच्चीस लीटर शराब बरामद की। वहीं मौके से दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने ऑटो को भी जब्त किया है। उधर, पुलिस ने थाना क्षेत्र के देदौर गांव से अंग्रेजी शराब की 94 बोतलें बरामद की है। इस मामले में भी एक को गिरफ्तार किया गया है।

केंद्रीय मंत्री की ओर से कंबल वितरित

बख्तियारपुर
। बुधवार को नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 27 में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के सौजन्य से कंबल का वितरण किया गया। इस वार्ड की पार्षद गुड़िया देवी ने स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री के सौजन्य से उपलब्ध कराए गए कंबल का वितरण किया।

चापाकल गाड़ने को लेकर हुए विवाद में दो घायल

फतुहा ।
मंगलवार की रात परसा गांव में चापाकल गाड़ने को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसमें एक गुट के तीन लोगों ने विरोधी गुट के बाप-बेटे को रॉड व चाकू से मार कर घायल कर दिया। पीड़ित बाप-बेटे ने थाने पहुंचकर उनलोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। घायल बाप-बेटे गांव के ही योगेंद्र पासवान तथा रंजय कुमार हैं। योगेंद्र पासवान का अपने ही पड़ोसी उपेंद्र पासवान व उसके परिजनों से विवाद हो गया था। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

जदयू के सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक

बख्तियारपुर
। बुधवार को प्रखंड जदयू के पंचायत अध्यक्षों, सचिव, बूथ अध्यक्षों एवं प्रमुख जदयू कार्यकर्ताओं की बैठक जदयू के बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी शंभु नारायण सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक के दौरान 12 जनवरी को बख्तियारपुर विधानसभा के जदयू कार्यकर्ताओं के दनियावां में आयोजित सम्मेलन को सफल बनाने एवं सम्मेलन के दौरान अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं के पहुंचने की अपील की गई। बैठक में प्रखंड जदयू अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह के अलावा राजकुमार राजू, शिवपूजन सिंह, कामता प्रसाद, सुनील कुमार, दीपक कुमार, विक्की कुमार, राजेश कुमार सहित कई बूथ अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष समेत अन्य जदयू कार्यकर्ता मौजूद थे।

बंटबारे के विवाद में घर में घुस कर पीटा

मसौढ़ी |
थाना के मोहिउद्दीनपुर गांव के जयप्रकाश ठाकुर के घर में बीते सोमवार की शाम गांव के गौतम ठाकुर, संटू राम, रामप्रसाद रविदास, अखिलेश यादव, अरूण चौहान, जितेंद्र रविदास व रंजीत रदिास घुस आए और मारपीट कर उसे बेहोश कर दिया। इस दौरान आरोपितों ने उसके पॉकेट से 20 हजार रुपए भी निकाल लिया। बाद में आसपास के लोग उसे उपचार कराने के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में जयप्रकाश ठाकुर ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। घटना का कारण घर बंटबारे को लेकर पूर्व से चला आ रहा विवाद बताया जाता है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

Post a Comment