शहर में लॉक डाउन है। पूरा सिस्टम ताबड़तोड़ कार्रवाई करने में जुटी है। सिर्फ शहर में 12 एफआईआर, 16 लोगों की गिरफ्तारी अब तक हो चुकी है। लेकिन इसके बावजूद भी लोगों पर लॉकडाउन में लॉकअप का भय नहीं है। लोग अभी भी खुला उल्लंघन कर रहे हैं। रविवार को नगर थाना पुलिस ने शहर के महावीर मंदिर, रमेश चौक, थाना मोड़ समेत अन्य इलाकों में सघन वाहन जांच अभियान चलाकर 60 बाइकों को पकड़ा। जिनसे करीब 75 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। लेकिन ये आंकड़ा सिर्फ नगर थाना का है। परिवहन विभाग अलग से ताबड़तोड़ कार्रवाई करने में जुटा हुआ है। बावजूद शहर का हाल जस का तस बना हुआ है। समाज को सोंचना पड़ेगा कि आखिर हम कहां जा रहे हैं? आखिर लॉकडाउन सरकार ने किसके लिए लगाया है? आखिर ये कार्रवाई पुलिस क्यों कर रही है? सड़कों पर पुलिस किसके लिए खड़ी है? हमें समझना होगा। तभी हम कोरोना से जंग जीत सकते हैं।
16 पहुंचे हवालात, कई दुकानें सील
लॉक डाउन से लेकर अभी तक सिर्फ औरंगाबाद शहर में बेवजह घूमने वाले सैकड़ों लोगों को पकड़ा गया है। अगर इनके आंकड़ों को जानेंगे तो आप चौंक सकते हैं। सिर्फ नगर थाना पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाके से लाॅक डाउन से लेकर अब तक करीब 1000 से ज्यादा बाइकों को पकड़ा है। जिनसे 12 लाख रुपए जुर्माना वसूला गया है। 16 लोगों को लॉक डाउन उल्लंघन करने के मामले में जेल भेजा गया है। करीब दर्जनभर दुकानें सील की गई है। नगर थाने से कड़ी हिदायत के बाद 25 लोगों को छोड़ा गया है। फिर भी रोजाना के आंकड़ों में गिरावट नहीं आ रही है। लोग उसी अंदाज में बेवजह, बिना कारण व बिना साक्ष्य के अपने घरों से शहर में घूमने के लिए निकल रहे हैं।

1000 बाइक व 62 चारपहिया वाहन को पकड़ा गया
जिला परिवहन विभाग के अनुसार लॉकडाउन से लेकर अभी तक करीब एक हजार बाइक और 62 चारपहिया वाहनों को लॉक डाउन उल्लंघन करने के मामले में पकड़कर करीब 11 लाख रुपए जुर्माना वसूल किया गया है। बावजूद उसी रफ्तार से अभी भी वाहनों को पकड़ा जा रहा है। आंकड़ों में गिरावट नहीं हो रही है। इससे जिला प्रशासन भी हैरान है। जिला परिवहन पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि दिन-रात जिला प्रशासन व परिवहन विभाग लॉक डाउन पालन कराने में जुटा हुआ है। लेकिन बेवजह निकलने वाले लोग समझ नहीं रहे। कुछ लोगों को कोरोना संक्रमण का बिल्कुल भय नहीं। जो समाज के लिए घातक हैं। इनके कारण ही पूरा समाज घरों में कैद है। इन्हें समझना चाहिए, लॉक डाउन का पालन करना चाहिए।

कोरोना संक्रमण से बचाव का एक मात्र उपाय लॉकडाउन
कोरोना संक्रमण का कोई इलाज नहीं। पूरी दुनिया इसमें फंसी हुई है। राहत की बात है कि अपना जिला अब तक सुरक्षित है। लेकिन लोगों में इसका भय न हो, ये खतरनाक। कोरोना संक्रमण से बचाव का एक मात्र उपाय बचाव है। लिहाजा लॉक डाउन लगाया गया है। लोगों को पूरी इमानदारी से लॉक डाउन का पालन करना चाहिए। कोई भी परदेसी जिले में आए या किसी में सर्दी खांसी का लक्षण दिखे तो पूरी इमानदारी से प्रशासन को बताएं। तभी हम कोरोना के खिलाफ जंग जीत सकते हैं। -सौरभ जोरवाल, डीएम

उल्लंघन करने वाले जाएंगे जेल
लॉकडाउन उल्लंघन करने वाले लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जुर्माना से लेकर जेल तक भेजा जाएगा। जिलेभर के थाना को लॉक डाउन पालन कराने के लिए हाई अलर्ट पर रखा गया है। बेवजह सड़क पर निकलने वालों पर अब सीधे कार्रवाई होगी। -दीपक बरनवाल, एसपी



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
12 FIRs, 16 arrests, 11 lakh fine, people still leaving needlessly

Post a Comment